Coolness in Weather : मौसम में गुलाबी ठंड ने दस्तक दी, कूलर बंद हुए, दीपावली के बाद ठंड अपना असर दिखाएगी!

जोरदार ठंड के लिए अभी एक पखवाड़ा का इंतजार करना होगा!

37

Coolness in Weather : मौसम में गुलाबी ठंड ने दस्तक दी, कूलर बंद हुए, दीपावली के बाद ठंड अपना असर दिखाएगी!

Indore : जिस तरह इस साल बारिश ने इंतजार कराया, उसी तरह ठंड भी थोड़ी देर से ही शुरू हुई। लेकिन, अब ठंड ने अपनी आमद समय पर दर्ज करा दी। दो दिनों से सुबह गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। इसी के साथ ही घरों में चलने वाले कूलर भी अब बंद हो गए। लेकिन, दोपहर में अभी गर्मी खत्म नहीं हुई, इसलिए पंखे बंद नहीं हुए। हालांकि अभी सर्दी ने अपना पूरा रंग नहीं दिखाया है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी तेज ठंड के लिए एक पखवाड़ा इंतजार करना पड़ेगा। दीपावली पर पटाखों के धुएं से एक बार फिर गर्मी का एहसास हो सकता है। इसलिए देवउठनी ग्यारस के बाद ही तेज ठंड के आसार हैं। जानकारी अनुसार मौसम साफ होते ही हल्की ठंड ने आमद दर्ज करवा दी है। वैसे भी मालवा-निमाड़ में शरद पूर्णिमा के बाद गुलाबी ठंड का एहसास होने लगता है। इस वर्ष भी शरद पूर्णिमा होते ही सर्दी का एहसास होना शुरू हो गया है। दो दिनों से रात में गुलाबी ठंड के कारण कूलर बंद हो चुके हैं। वही पंखों की स्पीड भी कुछ मध्यम हुई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल दीपावली का त्यौहार कल से शुरू हो जाएगा। बड़ी संख्या में लोग फटाके छोड़ेंगे। इसके धुएं से एक बार फिर गर्मी का एहसास होगा। कड़ाके की सर्दी के लिए फिलहाल एक पखवाड़े से अधिक इंतजार करना होगा। उसके बाद ही तेज सर्दी अपना रंग दिखाएगी। फिलहाल पहाड़ों पर भी बर्फबारी नहीं हो रही है। इस कारण भी तेज सर्दी फिलहाल नहीं रंग दिखाएगी।