कोरोना संक्रमण : रोकथाम और इलाज पर 2 हजार 470 करोड़ खर्च: प्रदेश में दस हजार 528 मौत

492
Genome Sequencing

भोपाल। स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चोधरी का कहना है कि मध्यप्रदेश में कोरोना महामारी के प्रारंभ से आज तक कुल 7 लाख 93 हजार 233 लोग कोरोना संक्रमित हुए और इससे केवली दस हजार 528 लोगों की मौत हुई है। कुल कोरोना संक्रमितों में से केवल 2 लाख 20 हजार 708 लोगों को ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोरोना संक्रमण की रोकथाम और ईलाज में राज्य सरकार ने सरकारी खजाने से कुल 2 हजार 470 करोड़ 60 लाख रुपए खर्च किए है।

विधायक ओंकार सिंह मरकाम के सवाल के लिखित जवाब में स्वासथ्य मंत्री ने यह जानकारी दी। ओमकार सिंह मरकाम ने पूछा था कि मध्यप्रदेश में कोविड के प्रारंभ से आज तक मध्यप्रदेश में कितने लोग संक्रमित हुए और कितनों को इलाज के लिए भर्ती किया गया। कितनों की मौत हुई है और संक्रमण की रोकथाम और इलाज में कितनी राशि सरकार ने खर्च की है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में कोरोना के प्रारंभ होंने से लेकर 5 दिसंबर 2021 तक कुल दस हजार 528 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 5 लाख 72 हजार 525 संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखकर ईलाज कराया गया। अस्पताल में इलाज कराने वाले 2 लाख 20 हजार 708 संक्रमितों में से दस हजार 80 लोगों की मौत हुई और 2 लाख 10 हजार 628 लोग स्वस्थ हुए। वहीं होम आइसोलेशन में ईलाज लेने वालों में से 5 लाख 72 हजार 77 लोग ठीक हुए और 448 की मौत हुई।

दूसरी लहर में इंदौर में कोरोना से मौत की जानकारी एकत्रित की जा रही-

कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला द्वारा पूछे गए लिखित सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने यह जानकारी दी। शुक्ला ने पूछा था कि कोविड 19 से इंदौर जिले में दूसरी लहर में कितनी मौते हुई। उन्होंने यह भी पूछा था कि कोरोना की दूसरी लहर में इंदौर जिले मे कोरोना के अलावा अन्य कारणों से कितनी मृत्यु हुई।

कोरोना और अन्य कारणों से मृतकों के आश्रितों को मुआवजा देने हेतु क्या दिशा निर्देश जारी किए गए है अथवा घोषणाएं की गई है। मृत्यु के मामलों में मृतकों के आश्रितों को इंदौर में कितने लोगो को कितना मुआवजा दिया गया। कितनी राशि वितरित की गई और क्या मृतकों के आश्रितों को रोजगार दिया जाएगा यदि हां तो कब तक और नहीं तो कारण बताएं। इन सबके जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने जवाब दिया है कि जानकारी एकत्रित की जा रही है।

ग्वालियर में 731 मौत-

विधायक लाखन सिंह यादव ने बीस मार्च 2020 से 31 अक्टूबर 21 के बीच गवालियर जिले में मृतकों की जानकारी, उनका नाम, पता, उम्र और पूरी जानकारी पूछी थी। इसके अलावा मृतकों के परिजों को कितनी राशि आर्थिक सहायता के रुप में दी गई इसकी घोषणा, 27 नवंबर 21 तक वितरित राशि का ब्यौरा और स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ अमले की जानकारी मांगी थी।जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अक्टूबर 21 तक ग्वालियर में कोरोना से 731 लोगों की मौत हुई। मरीजों की बाकी सूचना को लेकर मंत्री का जवाब था कि कोरोना संक्रमित मरीजों की जानकारी गोपनीय रखी जाती है।