Coronavirus Cases : कोरोना संक्रमण बढ़ा, नए केस 11 हजार पार!

देशभर में एक्टिव मामलों की संख्या 50 हजार के आसपास पहुंच गई! 

423

Coronavirus Cases : कोरोना संक्रमण बढ़ा, नए केस 11 हजार पार!

New Delhi : कोरोना के बढ़ते मामलों ने फिर चिंता बढ़ा दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की और से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 11 हजार 109 नए मामले दर्ज किए गए। इसी के साथ कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 49 हजार के पार पहुंच गई।

कोरोना वायरस के संक्रमण की तेज रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक दिन पहले (13 अप्रैल को) सामने आए आंकड़ों में 1 हजार नए मामले जुड़ गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से 13 अप्रैल को जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोना के 10,158 नए मामले सामने आए थे। कोरोना के मामलों में काफी तेजी से उछाल देखा गया। इससे एक दिन पहले यानी 12 अप्रैल को देश में कुल 7,830 मामले सामने आए थे।

इससे पहले पिछले साल 5 सितंबर को 49 हजार से ज्यादा एक्टिव केस थे। इसके अलावा डेली पॉजीटिविटी रेट 4.42% और वीकली रेट 4.02% पहुंच गया है। इसके अलावा रिकवरी रेट 98.70% है। वहीं, मृत्यु दर 1.19% दर्ज की गई।

दिल्ली में 3 की मौत 

गुरुवार को 1527 नए केस आए और 3 व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई। 909 लोग इस बीमारी से ठीक हुए। यहां पॉजिटिविटी रेट 27.7% हो गया। जबकि, एक्टिव केस 3,962 हो गए हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस बात का कोई संकेत नहीं है कि ओमिक्रॉन वैरिएंट XBB.1.16 बच्चों में गंभीर संक्रमण का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि कोविड का यह वेरिएंट खतरनाक नहीं है, यह सामान्य फ्लू की तरह है। यह फैलने वाला है लेकिन इससे बहुत ज्यादा दिक्कत नहीं होगी। हम देख रहे हैं कि फिलहाल दिल्ली में यह ट्रेंड चल रहा है और बढ़ रहा है, लेकिन कुछ दिनों में यह वेव कम हो जाएगी। जबकि, उत्तर प्रदेश में 549 नए केस मिले और 245 लोग ठीक हुए। फिलहाल राज्य में 2094 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 0.97% है।

केरल में 10 लोगों की मौत 

यहां 3098 नए केस मिले, 1900 लोग ठीक हुए, जबकि 10 लोगों की मौत हो गई। फिलहाल यहां 17,496 एक्टिव केस हैं। यहां बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।

महाराष्ट्र में 1086 नए केस 

गुरुवार को यहां 1086 नए केस आए वहीं एक व्यक्ति की मौत हो गई। मंगलवार को यहां 919 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 6.78% है और 5700 एक्टिव केस हैं।

हरियाणा में मास्क अनिवार्य 

यहां गुरुवार को 855 नए केस सामने आए और 447 लोग ठीक हुए। फिलहाल राज्य में 2835 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 8.99% हो गया है। यहां भी मास्क अनिवार्य कर दिया गया है।