Corporation Election : खरगोन नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर BJP का कब्जा

अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर भावुक हुई छाया जोशी, खुशी के आंसू निकले

खरगोन से आशुतोष पुरोहित की रिपोर्ट

Khargone : आज यहां नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने कब्जा कर लिया। खरगोन में भाजपा की छाया जोशी ने कांग्रेस की लक्ष्मी विजय मोरे को 19 मतों से करारी शिकस्त दी। वही 6 पार्षदों ने खाली वोट डालकर भाजपा या कांग्रेस किसी को वोट नहीं दिए।

उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के भोलू कर्मा ने निर्दलीय वारिस चौबे को 11 मतो के अंतर से हराया। यहाँ कांग्रेस के हीरा परमार तीसरे नम्बर पर रहे उन्हें 4 वोट मिले। तीन पार्षदों ने खाली वोट डाला।

जीत के बाद नव निर्वाचित अध्यक्ष छाया जोशी भावुक हो गई। खुशी के आंसू निकल आए। प्रमाण पत्र लेने के बाद विजयी जुलूस में शामिल होने के पहले भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राठौर से मिलकर भावुक छाया जोशी रोने लगी।

अध्यक्ष राठौर ने कहा कि हमने रक्षाबंधन पर भाई का फर्ज निभाया है। जीत के बाद मीडिया से अध्यक्ष छाया जोशी ने जीत का श्रेय भाजपा संगठन, पार्षद और शहर की जनता को दिया।

छाया जोशी का कहना था कि ये जीत शहर की जनता की जीत है। शहर का विकास उनकी प्राथमिकता होगी। वही उपाध्यक्ष भोलू कर्मा का कहना था कि खरगोन को आदर्श शहर बनाना प्राथमिकता होगा।

खरगोन शहर में भाजपा ने खुली जीप में सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल और भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र राठौर की मौजूदगी में जुलूस निकाला। इधर, खरगोन जिले के बडवाह में नगरपालिका के अध्यक्ष पद पर भाजपा के राकेश गुप्ता ने कांग्रेस के विष्णु वर्मा को 14 मतों के अंतर से हराया।

राकेश गुप्ता को 16 और कांग्रेस के विष्णु वर्मा को मात्र 2 वोट मिले। वहीं  उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के राजेश जायसवाल ने निर्दलीय रोहित चौरासिया को 2 वोट से हराया। राजेश जायसवाल 10 और रोहित चौरासिया को 8 वोट मिले।