

Country is Burning : नौतपा के बाद ज्यादा ही तप रहा देश, पारा 45 तक पहुंचा!
New Delhi : नौतपा के नौ दिन बारिश के बाद अब देश के उत्तरी राज्यों में तेज गर्मी का दौर जारी है। देश के 6 राज्यों के 18 शहरों का तापमान 45 डिग्री के ऊपर रहा। इन राज्यों में राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और ओडिशा शामिल हैं। राजस्थान में तो मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान का श्रीगंगानगर 47.3 डिग्री के साथ देश में सबसे गर्म रहा। दिल्ली-एनसीआर समेत पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में हीट वेव और तेज गर्मी की चेतावनी दी है। दिल्ली में अगले दो दिन के लिए हीट वेव-गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जगहों पर आंधी-बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर में आंधी-बारिश की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। पंजाब से सटे ऊना का तापमान बुधवार को 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। जबकि, ऊना का आजतक का रिकॉर्ड तापमान 45.2 डिग्री 10 जून 2019 को दर्ज किया गया था। यानी रिकॉर्ड तापमान से एक डिग्री कम ही पारा रह गया। कुल्लू, मंडी और ऊना जिला के कुछ क्षेत्रों में आज हीट-वेव महसूस की गई।
राजस्थान में तेज हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने राजस्थान में तेज हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा असर पश्चिमी जिलों जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, पाली, जालोर, सिरोही में है। हरियाणा में भी सोमवार को तापमान 45 डिग्री के आंकड़े को भी पार कर गया। प्रदेश में सिरसा 46.4 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। पंजाब से सटे ऊना का तापमान मंगलवार 44.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। ऊना का आजतक का रिकॉर्ड तापमान 45.2 डिग्री 10 जून 2019 को दर्ज किया गया था।