Credit of Congress’s Victory to Rahul’s Visits : कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में खरगे ने जीत का श्रेय राहुल गांधी की 2 यात्राओं को दिया!

जहां पार्टी का प्रदर्शन कमजोर वहां कांग्रेस नए सिरे से अपनी भूमिका बढ़ाएगी!

479

Credit of Congress’s Victory to Rahul’s Visits : कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में खरगे ने जीत का श्रेय राहुल गांधी की 2 यात्राओं को दिया!

New Delhi : लोकसभा चुनाव में अच्छे प्रदर्शन के बाद शनिवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुईं। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति देशभर में फैले कांग्रेस पार्टी के नेताओं और करोड़ों कार्यकर्ताओं को पार्टी की जीत के लिए धन्यवाद देती है, जिन्होंने पिछले कुछ महीनों में अथक परिश्रम किया। उन्होंने यह भी कहा कि जहाँ-जहाँ से राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुज़री, वहाँ पर कांग्रेस पार्टी के वोट प्रतिशत और सीटों में बढ़ोतरी हुई।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मैं आपकी दृढ़ इच्छा शक्ति, संकल्प और परिश्रम के लिए बधाई देता हूं। जनता ने हमारे प्रति विश्वास व्यक्त कर तानाशाही शक्तियों और संविधान विरोधी ताक़तों को कड़ा जवाब दिया है। देश के मतदाताओं ने बीजेपी के 10 साल की विभाजनकारी, नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति को खारिज किया है। खरगे ने कांग्रेस कार्यसमिति कांग्रेस के सभी नव-निर्वाचित सदस्यों को भी बधाई दी, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में चुनाव लड़कर जीत हासिल की। उन्हें 18वीं लोक सभा का सदस्य बनने पर शुभकामना दी।

उन्होंने कहा कि मैं लोगों के चहेते राहुल गांधी को भी बधाई देना चाहूँगा जिन्होंने संविधान, आर्थिक गैर बराबरी, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय और सौहार्द्र जैसे मसलों को जन-जन का मुद्दा बना दिया। राहुल जी के नेतृत्व में दो साल पहले निकली 4 हजार किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा और फिर 6,600 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो न्याय यात्रा का फल है, जिसकी मदद से हमें जनता से जुड़ने और उनकी समस्याओं, सरोकारों और आकांक्षाओं को जानने में मदद मिली। इसी आधार पर कांग्रेस पार्टी ने अपना चुनावी अभियान तैयार किया।

 

प्रियंका गांधी का भी उल्लेख

उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को खास तौर पर बधाई देना चाहूंगा जिन्होंने अमेठी और रायबरेली के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों में भी ज़ोरदार प्रचार किया। मैं कांग्रेस के अपने सभी वरिष्ठ सहयोगियों को धन्यवाद दूँगा जिन्होंने एक टीम की तरह काम किया। ये हमारे सामूहिक प्रयासों का ही असर था कि देशभर में हमारे कार्यकर्ता साथियों ने एक नई उमंग और जोश के साथ काम किया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। हमें यह बात हमेशा याद रखनी है कि परिश्रम और संकल्प से हम बड़े से बड़े विरोधी को मात दे सकते है।

पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि मैं इस बात का भी ख़ास उल्लेख करना चाहूँगा कि जहाँ-जहाँ से भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुज़री, वहाँ पर कांग्रेस पार्टी के वोट प्रतिशत और सीटों में बढ़ोतरी हुई। मणिपुर जहां से न्याय यात्रा शुरू हुई वहाँ हम दोनों सीटें जीते। नागालैंड, असम, मेघालय जैसे उत्तर-पूर्व के कई राज्यों में हमें सीटें मिली। महाराष्ट्र में हम सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरे। देशभर में कांग्रेस पार्टी को लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए लोगों का अपार समर्थन मिला। यही नहीं एससी, एसटी, पिछड़े वर्ग, अल्पसंख्यक, और ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी की सीटों में वृद्धि हुई। हमें आगे यह प्रयास करना है कि शहरी मतदाताओं के बीच हम अपना प्रभाव बनाए और इन इलाक़ों में भी पार्टी को मज़बूत करें।

 

जहां कांग्रेस कमजोर रही वहां जरूरी कदम उठाएंगे

उन्होंने कहा कि जहाँ हम कुछ राज्यों में कांग्रेस पार्टी के अच्छे प्रदर्शन पर खुश हैं, वहीं उन राज्यों पर भी खास तौर से गौर करना होगा, जहां कांग्रेस पार्टी की संभावनाओं और अपेक्षाओं के विपरीत परिणाम आए। जहाँ हमने विधान सभा में अच्छा प्रदर्शन कर सरकार बनाई, लेकिन लोक सभा में उस प्रदर्शन को दोहरा नहीं पाए।

IMG 20240609 WA0031

खरगे ने कहा कि इन सभी बातों पर हम जल्दी ही अलग से चर्चा करेंगे। जो तत्कालिक कदम उठाना होगा, वो भी हम उठाएंगे। साथ ही कहा कि इस बैठक में मैं अपने इंडिया गठबंधन के साथी दलों की सराहना भी खास तौर पर करना चाहूंगा। विभिन्न राज्यों में सभी सहयोगी दलों ने अहम भूमिका निभाई, हर पक्ष ने यथासंभव योगदान दिया। एक स्वर में साथ रहे। ‘इंडिया’ गठबंधन के साथियों के साथ हम संसद और संसद के बाहर एकजुट होकर और मिलकर काम करेंगे। जिन अहम मुद्दों पर हम चुनाव अभियान में गए वे आम जनता के सरोकार के मुद्दे हैं। इसलिए वे हमेशा हमारी ध्यान में रहेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि संसद और संसद के बाहर जनता के इन सवालों को हम लगातार उठाते रहेंगे। हम जनमत को विनम्रता से स्वीकार करते हैं। देश की जनता के एक बड़े तबके ने हम पर भरोसा किया है। हम उनका भरोसा बरक़रार रखने के लिए सभी संभव प्रयास करेंगे। हमें अनुशासित रहना है। हमें एकजुट रहना है। हमारा काम निरंतर जारी रहेगा, चाहे हम सत्ता में हो या नहीं। हमें 24 घंटे, 365 दिन लोगों के बीच रहना होगा, जनता के मुद्दों को उठाना होगा। कुछ महीनों में महत्वपूर्ण राज्यों के चुनाव होने है, हमें हर क़ीमत पर विरोधी दलों को परास्त कर, अपनी सरकार बनानी है। लोग बदलाव चाहते है, हमें उनकी ताक़त बनना होगा।