

Dead ASI Given Martyr Status : मऊगंज की हिंसा में मृत ASI को शहीद का दर्जा, सरकार परिवार को ₹1 करोड़ और नौकरी देगी!
Rewa : मऊगंज जिले में भीड़ के हमले में जान गंवाने वाले एएसआई रामचरण गौतम को शहीद का दर्जा दिया जाएगा। साथ ही उनके आश्रितों को एक करोड़ रुपए की सहायता राशि भी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि यह उनके बलिदान के प्रति श्रद्धा, आस्था और राज्य सरकार के कर्तव्य का प्रकटीकरण है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गड़रा गांव में हुई दुर्घटना में कर्तव्य निर्वहन के दौरान जान गंवाने वाले एएसआई (25वीं बटालियन) रामचरण गौतम को शहीद का दर्जा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्व गौतम के आश्रितों को एक करोड़ रुपए की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गड़रा गांव में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले एएसआई श्री रामचरण गौतम को शहीद का दर्जा दिया जाएगा।
इसी के साथ आश्रितों को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता राशि और पात्र उत्तराधिकारी को… pic.twitter.com/w31kOyEqwd
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 16, 2025
मुख्यमंत्री ने मीडिया को जारी संदेश में यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि शहीद रामचरण गौतम के पात्र उत्तराधिकारी को शासकीय सेवा में लिया जाएगा। यह उनके बलिदान के प्रति श्रद्धा, आस्था और राज्य सरकार की परंपरा व कर्तव्य का प्रकटीकरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद रामचरण गौतम की कर्तव्य परायणता और उनका बलिदान चिर-स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायलों के इलाज के लिए उचित व्यवस्था की जा रही है।
पुलिस महानिदेशक गड़रा गांव पहुंचकर परिवार से मिले
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने मऊगंज जिले के गड़रा गांव पहुंचकर घटना में मृतक के परिजनों से भेंट की तथा उन्हें ढाढस बंधाया। पुलिस महानिदेशक ने घटना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि घटना में शामिल आरोपियों को तत्परता से पकड़कर कठोर कार्यवाही करें।
उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी जिससे ऐसी स्थिति निर्मित हुई। शांति व्यवस्था बनाने के सभी प्रयास किए गए। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात है तथा गांव में शांति का माहौल है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। कुछ आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई है। शेष को शीघ्र ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने घटना में एएसआई रामचरण गौतम के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया तथा कहा कि पुलिस अपना कार्य पूरी मुस्तैदी से कर रही है।
इस दौरान एडीजी इंटेलीजेंस अनिल कुमार, कमिश्नर रीवा संभाग बीएस जामोद, डीआईजी साकेत प्रकाश पाण्डेय, कलेक्टर मऊगंज अजय श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक रीवा विवेक सिंह, पुलिस अधीक्षक मऊगंज रसना ठाकुर सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह हुई थी घटना
शनिवार को मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गड़रा गांव में जमकर हंगामा हुआ। यहां पर शनि द्विवेदी नाम के युवक को आदिवासी परिवार के लोगों ने बंधक बनाकर जमकर मारपीट की जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस को जब इस बात की जानकारी हुई तो पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद आदिवासियों ने पुलिस बल सहित तहसीलदार पर भी हमला कर दिया और जमकर पत्थर बरसाए।
इस घटना में जहां एएसआई रामचरण गौतम की मौत हो गई वहीं तहसीलदार कुवारे लाल पनिका सहित 5 पुलिस कर्मी घायल हो गए। इस घटना में एक एएसआई और तहसीलदार बुरी तरह से घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।