

Deadly Joke : पांच दोस्तों ने जानलेवा मजाक किया, कम्प्रेशर से मजदूर के शरीर में हवा भरने से मौत, केस दर्ज!
Indore : मजाक में दोस्तों की हरकत से एक मजदूर साथी की मौत का कारण बन गई। उसके शरीर में कंप्रेशर से हवा भर दी, जिससे उसकी नसें फट गई। मामले में आजाद नगर पुलिस ने दोस्तों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद दोस्त अपने साथी को ई-रिक्शा से एमवाय अस्पताल छोड़कर भाग निकले। जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार सुबह थाना क्षेत्र के तीन इमली बस स्टैंड के पास की है।
एमवाय पुलिस चौकी ने मामले में आजाद नगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम एमवाय पहुंची। एमवाय में लगे सीसीटीवी कैमरे के आधार पर ई-रिक्शा चालक को पकड़ा। उसने तीन इमली के पास से दोस्तों को बैठाने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने तीन इमली के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चेक किए। फुटेज के आधार पर मजदूर की पहचान वहीं रहने वाले मोतीराम जमरे (30) के रूप में हुई। उधर, डॉक्टरों ने बताया कि मजदूर के उसके प्राइवेट पार्ट से खून बह रहा था। डॉक्टरों के पूछने पर साथ आया युवक फोन पर बात करते हुए बाहर चला गया। कुछ देर बाद डॉक्टरों ने मोतीराम को मृत घोषित कर दिया।
हत्या मानकर चल रही थी पुलिस
पुलिस ने आसपास के थानों में जानकारी साझा की और मृतक के परिवार से संपर्क कर शिनाख्त कराई। मोतीराम जगन्नाथ दाल मिल में काम करता था। पुलिस ने मिल के मैनेजर से पूछताछ की तो उसने बताया कि सुबह उसने अन्य मजदूरों के साथ मिलकर मजाक में मोतीराम के साथ इस तरह का कृत्य किया।
सीसीटीवी लगा है, लेकिन घटना कैद नहीं हुई
टीआई विजय सिसोदिया के मुताबिक फैक्ट्री में सीसीटीवी लगे हैं, लेकिन जहां घटना हुई वहां ग्रीन नेट लगा है, इसलिए वहां का घटनाक्रम कैद नहीं हुई। पुलिस ने फैक्ट्री का डीवीआर जब्त किया है। आरोपियों की पहचान जुटाकर तलाश की जा रही है। फिलहाल मैनेजर धीरज लोवंशी से पूछताछ चल रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
मृतक के भाई शेरू को एक्सीडेंट की सूचना दी गई
मृतक के भाई शेरू ने बताया कि सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर उसकी मोतीराम से बात हुई थी। भाई ने कहा था कि वह थोड़ी देर में आ रहा है। इसके बाद 7 बजकर 45 मिनट पर उसे कॉल आया कि भाई का एक्सीडेंट हो गया, वह एमवाय अस्पताल में है। जब यहां पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। मोतीराम जमरे काफी समय से यहां काम कर रहा था। उसका परिवार खरगोन में रहता है।
दाल मिल के मालिक ने बताया, उसने मैनेजर को 4 माह पहले ही काम पर रखा था। वह पहले बस कंडक्टर था। वही चौक से मजदूर लेकर आता था। रात में भी वही मजदूर लेकर आया। मजदूर को अस्पताल में छोड़कर आने वाला मैनेजर ही था। जितने साथी थे वो दिहाड़ी मजदूर है, पुलिस उनकी डिटेल निकाल रही है।