Debauchery With Embezzled Money : गबन के पैसे घूमने-फिरने और अय्याशी पर उड़ाए!

भाई को भी सैर कराई, कोविड की अनुग्रह राशि तक हजम कर गया!

1262

Debauchery With Embezzled Money : गबन के पैसे घूमने-फिरने और अय्याशी पर उड़ाए!

इंदौर से गोविंद राठौर की रिपोर्ट 

Indore : 5 करोड़ से ज्यादा की सरकारी राशि का गबन करने वाले लेखा शाखा के बाबू मिलाप चौहान समेत 29 खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, फिर उसे कोर्ट ने 28 मार्च तक रिमांड पर सौंपा है। मिलाप की अय्याशी के किस्से भी आ रहे हैं। महिलाओं पर पैसे उड़ाने के अलावा वह शराबखोरी और घूमने पर भी पैसे खर्च करता रहा!

पूछताछ में इस मामले की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। ट्रेजरी में हर साल 50 हजार करोड़ के ट्रांजेक्शन योजनाओं, वेतन सहित अन्य मदों के होते हैं। इनमें से अभी तक 30 खातों की छानबीन की गई। कलेक्टर के निर्देश पर गठित कमेटी में शामिल एडीएम राजेश राठौड़, एसडीएम मुनीष सिकरवार और तहसीलदारों की टीम ने तीन दिन, तीन रात तक अलग-अलग खाते जांचे। एडीएम ने जब एक के बाद एक खाते दिखाना शुरू किए तो वह गिड़गिड़ाने लगए कि हम सारा पैसा जमा कर देंगे। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस गबन के रुपयों की रिकवरी जल्द करेगी।

खुद मिलाप के बड़े भाई ने स्वीकार किया कि वह एक बार मुंबई और गोवा गया था। कर्मचारी रणजीत और मिलाप के भाई ने एक अहाते का ठेका लेने के लिए भी पैसे दिए थे। रावजी बाजार पुलिस के मुताबिक अभी मिलाप ही गिरफ्तार हुआ है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इधर कलेक्टोरेटे के अधिकारियों ने बताया कि मिलाप ऑफिस में मिनरल वाटर ही पीता था, इसके लिए वह कैरेट ही मंगवाता था। गाड़ी पर मप्र शासन की पट्‌टी लगा रखी थी। मिलाप चौहान का महू में फार्महाउस है। इसकी कीमत लगभग डेढ़ करोड रुपए बताई जा रही है। कहा जाता है कि ये अनैतिक कारनामों का अड्डा था। कुछ समय पहले यह जानकारी सामने भी आई थी।

कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी ने माना कि अभी और जांच जारी रखेंगे। जहां तक गबन की राशि का सवाल है, वह भी पूरी वसूली जाएगी। प्रशासन के पास आरआरसी जारी करने के अधिकार हैं। सांवेर रोड के एक युवक ने बताया कि पड़ोसी देवनाथ यादव का निधन कोविड के कारण हुआ था। 50 हजार की अनुग्रह राशि वह मिलाप से मांगने 100 बार आ चुका है। मिलाप ने हर बार कहा कि खाते में राशि आ जाएगी पर आई नहीं।

मिलाप ने कहा ‘मैंने अय्याशी पर पैसे नहीं उड़ाए’ 

रावजी बाजार पुलिस ने मिलाप को गिरफ्तार करने के बाद जिला कोर्ट की 55 नंबर कोर्ट में पेश किया। वहां उसने मीडिया को बताया कि मैंने यह पैसा दोस्तों की मदद के लिए दिया है। उसने कहा कि दोनों साथियों के खातों में भी रुपए ट्रांसफर किए। उसने मीडिया के सामने यह बात कबूल की। एक करोड़ 95 लाख ट्रांसफर किए, जिसमें से 2 करोड़ मेरे है। पार्टी और घूमने फिरने के लिए खर्च किया, अय्याशी में नहीं किया। मैंने मुंबई की होटलों में रुकने पर खर्च किया। किसी तरह की अय्याशी नहीं की, पर मैं क्लबों में जरूर जाता था। मैं दो बार गोवा भी जा चुका हूं।