Deceitful Groom : शादी का वादा तोड़कर दूसरी से शादी करने वाला दूल्हा हवालात में

पुलिस ने दुष्कर्म का केस दर्ज कर दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया

917
4 Years Imprisonment

Indore : अपने साथ काम करने वाली युवती को शादी का झांसा देकर एक युवक ने उसके साथ कई बार जिस्मानी संबंध बनाए और जब शादी की बात आई तो टालने लगा। बाद में युवती को पता चला कि वह दूसरी के साथ शादी कर रहा है। इस पर उसने पुलिस में शिकायत कर दी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूल्हे बने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

विजय नगर पुलिस के मुताबिक अनुराग वात्रे (सारंगपुर) जंजीरवाला चौराहा स्थित राष्ट्रीयकृत बैंक में सीनियर एजेंसी मैनेजर है। पीड़िता भी इसी बैंक में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर काम करती है। एक ही जगह पदस्थ होने के कारण दोनों में परिचय हो गया था। पिछले साल सितंबर में अनुराग पीड़िता के घर अनुराग नगर आया और कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है। एक ही बैंक में होने के कारण महिला भी शादी के लिए राजी हो गई।

आरोपी अकसर घर आकर संबंध बनाने लगा। इस दौरान पीड़िता ने शादी तय करने के लिए भी कहा, लेकिन अनुराग बहाना बनाकर टालता गया। उसने पीड़िता की बहन से भी मुलाकात की और आश्वासन दिया कि कुछ समय बाद शादी कर लेगा। मंगलवार को बैंक के अफसरों ने बताया कि अनुराग राजगढ़ में रहने वाली अनु नामक लड़की से शादी कर रहा है। बुधवार को उसके फेरे हो जाएंगे।

शाम को पीड़िता सारंगपुर पहुंची और अनुराग पर धोखे का आरोप लगाकर हंगामा किया। उसने कहा कि शादी नहीं की, तो वह आत्महत्या कर लेगी। इस पर अनुराग ने पीड़िता को घर से भगा दिया। वह रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंच गई। जिद पर अड़ गई कि अनुराग को अभी गिरफ्तार करना पड़ेगा। सारंगपुर पुलिस ने यह कहते हुए विजयनगर थाने भेज दिया कि घटना स्थल उनके क्षेत्र का नहीं है। जीरो पर कायमी तो हो जाएगी, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो पाएगी। पीडि़ता देर रात विजयनगर थाने पहुंची और अनुराग के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया।

अनुराग को खबर मिल गई थी कि पीड़िता रिपोर्ट लिखाने के लिए थाने पहुंची है, तो वह उसे फोन पर समझाने का प्रयास कर रहा था। पीड़िता ने पुलिस वालों से मिलकर समझौते के लिए इंदौर बुलाया और गिरफ्तार करवा दिया। एसआई प्रियंका शर्मा ने उसे पकड़ा तो एक दिन की मोहलत मांगने लगा। उसने कहा कि शादी करने के बाद वह खुद थाने आ जाएगा। लेकिन, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हवालात में बैठा दिया। टीआई तहजीब काजी के मुताबिक अनुराग को कोर्ट पेश किया जाएगा।