Deepak Joshi will not join BJP : दीपक जोशी ने कहा ‘मेरी भाजपा में वापसी की शर्त रखी गई, जो मुझे मंजूर नहीं!’

जानिए, वो क्या शर्त थी जिसे नामंजूर करने पर उनकी भाजपा में वापसी रुक गई!

910

Deepak Joshi will not join BJP : दीपक जोशी ने कहा ‘मेरी भाजपा में वापसी की शर्त रखी गई, जो मुझे मंजूर नहीं!’

Bhopal : भाजपा सरकार में मंत्री रहे और पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे ने भाजपा में वापस लौटने की सारी संभावनाएं खत्म कर दी। उन्होंने कहा कि वे किसी से माफी मांगकर भाजपा में वापस नहीं लौटेंगे। क्योंकि, कांग्रेस छोड़कर फिर भाजपा में आने की पहल उन्होंने नहीं की। बल्कि, भाजपा की तरफ से उन्हें आफर दिया गया था। लेकिन, बाद में कहा गया कि उन्हें दो नेताओं से माफ़ी मांगना होगी जो मुझे मंजूर नहीं। मैं पार्टी से माफी मांग सकता हूं किसी व्यक्ति से नहीं।

शिवराज सरकार में मंत्री रहे दीपक जोशी विधानसभा चुनाव से पहले बगावत कर कांग्रेस में आ गए थे। पिछले दिनों खबर चली कि दीपक जोशी भाजपा में जा रहे हैं। लेकिन, उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि किन परिस्थितियों में उनको भाजपा छोड़ना पड़ी थी और वे अब भाजपा में नहीं जा रहे। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से हुई उन सभी बातों को सार्वजनिक कर दिया, जो उनकी भाजपा में वापसी की शर्त से जुड़े थे। दीपक जोशी की बातों से स्पष्ट होता है कि उन्होंने क्यों भाजपा छोड़ी थी। अब जबकि, उन्हें वापस पार्टी में आने का ऑफर दिया, तो सशर्त दिया जिसे उन्होंने ठुकरा दिया।

दीपक जोशी इन दिनों छिंदवाड़ा में कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ के चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। उन्होंने वे कारण बताए जो भाजपा छोड़ने की वजह बने। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने शिवराज सिंह चौहान से उनके पिता स्व. कैलाश जोशी की प्रतिमा बनाने को कहा था। पर, उन्होंने मना कर दिया। फिर उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को बताया कि बागली में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। उस बात की भी अनदेखी कर दी गई। जवाब मिला कि यदि भाजपा कार्यकर्ताओं ने खा भी लिया तो क्या हो गया? उन्होंने खा लिया तो खा लिया। अब इस कारण क्या पार्टी को दांव पर लगा दूं?

दीपक जोशी का कहना है कि तभी उन्होंने सोच लिया था कि उनके पिता वाली भाजपा अब खत्म हो गई। पार्टी में कोई सम्मान और कोई आंतरिक लोकतंत्र नहीं बचा।

IMG 20240411 WA0084

दो नेताओं से माफी की शर्त नामंजूर कर दी

भाजपा में वापसी को लेकर दीपक जोशी ने कहा कि जब खातेगांव सीट से वे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े और हार गए, तो भाजपा के कुछ नेताओं ने उनको सलाह दी कि वे वापस पार्टी में आ जाएं। इस संबंध में पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उनसे बात की, वे तैयार थे। उनको बताया कि 10 या 11 मार्च को भाजपा ज्वॉइन करेंगे। लेकिन, 9 मार्च को वीडी शर्मा का मैसेज आया और नरोत्तम मिश्रा ने फोन पर बात की, कि उनको पार्टी के दो बड़े नेताओं से मिलकर उनसे माफी मांगनी होगी। दीपक जोशी ने कहा कि उन्होंने इस शर्त से साफ इनकार कर दिया।

उनका कहना है कि उन्होंने कोई गलती की है, तो वे संगठन से या कार्यकर्ताओं से माफी मांगेंगे। लेकिन, वे भाजपा के कथित दोनों बड़े नेताओं से माफी क्यों मांगे? ये जवाब दिया तो नरोत्तम मिश्रा, वीडी शर्मा बोले कि फिर आपकी भाजपा में वापसी रोक दी जाएगी। इस पर दीपक जोशी ने कहा कि वे तुरंत रोक दें, मैं कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में ही काम करते रहने को तैयार हूं। इसलिए अब छिंदवाड़ा में चुनाव प्रचार कर रहा हूं। मैं अब कांग्रेस का ही कार्यकर्ता बना रहूंगा।