

Delhi CM Oath Ceremony : दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शपथ ली, प्रवेश वर्मा उप मुख्यमंत्री बने!
New Delhi : दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। प्रवेश वर्मा उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं। बीजेपी ने 27 सालों बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी।
प्रवेश वर्मा सहित 6 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इस सूची में पंकज सिंह, आशीष सूद, रवींद्र इंद्रराज, कपिल मिश्रा और मनजिंदर सिंह सिरसा का नाम शामिल है। आज देर शाम विभाग तय होंगे और उनका पदभार भी सौंपा जा सकता है। पंकज सिंह बिहार के रहने वाले हैं और राजपूत चेहरा हैं। इसके अलावा रविंद्र इंद्राज दलित चेहरा हैं। बीजेपी ने सभी वर्गों को कैबिनेट में जगह दी।
मोदी सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे
दिल्ली के मुख्यमंत्री के शपथग्रहण कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, जेडीयू से केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान एनडीए नेताओं की भीड़ देखने को मिली।
रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनी, जो शालीमार बाग सीट से जीतकर विधायक बनी हैं। बुधवार को बीजेपी विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी थी। रेखा गुप्ता पेशे से एक वकील हैं। इसके अलावा बीजेपी में उनकी गिनती अग्रणी नेताओं में होती है। वे दिल्ली बीजेपी की महासचिव और भाजपा के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। रेखा गुप्ता का जन्म हरियाणा के जींद में हुआ था, लेकिन उनकी शिक्षा-दीक्षा दिल्ली में हुई।