दिल्ली पुलिस हत्या के आरोपियों को पकड़ने पहुँची, एक आरोपी की भागने के दौरान मौत

565

ओंकारेश्वर से जयप्रकाश पुरोहित की रिपोर्ट

ओंकारेश्वर: दिल्ली में हत्या कर खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में छिपे आरोपियों को दिल्ली पुलिस पकड़ने पहुँची। यहां पुलिस और आरोपियों का आमना सामना हुआ तो बचने के लिए एक आरोपी ने दो मंजिला मकान से छलांग लगा दी। जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस इन्हें ट्रांजिट रिमांड पर ले गई। वहीं मृतक आरोपी का खंडवा पुलिस ने मर्ग कायम किया है।

खंडवा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली में एक युवक की हत्या कर तीन आरोपी खंडवा जिले के तीर्थनगरी ओम्कारेश्वर में रह रहे थे। पुलिस ने बताया कि 26 जनवरी को दिल्ली में युवक सुरजीत सिंह की 6 आरोपियों ने हत्या कर दी थी। जिसके बाद 3 नाबालिग आरोपियों को तो दिल्ली पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं 3 आरोपी फरार हो गए थे। ये तीनों फरारी काटने के लिए ओंकारेश्वर पहुंचे। लोकेशन मिलने पर दिल्ली पुलिस इन्हें पकड़ने के लिए यहां पहुंची।

ओंकारेश्वर में गुरुवार रात को आरोपियों और पुलिस का आमना सामना हुआ। पुलिस को देख बचने के लिए मोहित पिता अक्षय ठाकुर ने दो मंजिला इमारत से छलांग लगा दी थी। पत्थर पर गिरने की वजह से उसकी मौत हो गई। जबकि अभिषेक पिता राकेश ढकोलिया और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

खंडवा के एसपी विवेक सिंह ने बताया कि ये सभी आरोपी दिल्ली के शाहदरा निवासी हैं। मृतक के परिजन को पुलिस ने सूचित कर दिया है। उनकी मौजूदगी में उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जबकि दो अन्य आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली पुलिस द्वारा दिल्ली ले जाया गया है।

देखिये वीडियो: क्या कह रहे हैं, विवेक सिंह (एसपी, खंडवा)-