Delimitation of 3 Police Thana : शहर के 3 थानों का नए सिरे से परिसीमन होगा!

शहर बढ़ने से इन थानों का कार्यक्षेत्र बढ़ा, इससे पुलिस की परेशानी बढ़ी 

352

Delimitation of 3 Police Thana : शहर के 3 थानों का नए सिरे से परिसीमन होगा!

 

Indore : मुख्यमंत्री के आदेश के बाद शहर के तीन थानों का नए सिरे से परिसीमन होगा। परिसीमन होने से अपराधों पर अंकुश और उनकी संख्या में कमी आएगी। इसमें लसूड़िया, बाणगंगा और तेजाजी नगर को शामिल किया गया है। इन थानों का कार्यक्षेत्र बंटवारे के लिए एक साल से प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित था।

बाणगंगा थाने की सीमा में दो विधानसभा और 9 वार्ड आते हैं। एक छोर से दूसरे छोर पहुंचने में कई बार पुलिस को विलंब हो जाता है। सालभर में सर्वाधिक अपराध भी इसी थाने में दर्ज होते हैं। थाने अंतर्गत भागीरथपुरा पुलिस चौकी है। इसे थाने में तब्दील किया जा सकता है। नया थाना बनने से बाणगंगा थाने का स्टाफ और क्षेत्रफल कम हो जाएगा।

लसूड़िया थाना क्षेत्र में शहरी और ग्रामीण सीमाएं शामिल है। इसका क्षेत्रफल भी बाणगंगा थाने की तरह काफी फैला हुआ है। शहरी क्षेत्र में कई पाश इलाके हैं। यह भी दो विधानसभाओं से घिरा हुआ है। एबी रोड, इंडस्ट्रियल एरिया आदि इसमें आते हैं। महालक्ष्मी नगर में थाने भवन प्रस्तावित है। तेजाजी नगर में छोटे-बड़े 10 से अधिक गांव हैं। इसमें खंडवा रोड आने से सड़क दुर्घटनाएं अधिक होती है। थाना भवन शहर के अंतिम छोर में संचालित हो रहा है। इसके विभाजन के बाद ग्राम माचल में नया थाना भवन खोला जा सकता है।

अधिकारियों में कार्य विभाजन

नए थाने खुलने के बाद लाइन में बैठे अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलेगी। वहीं, एसीपी, एडिशनल डीसीपी और डीसीपी के बीच नए सिरे से थानों का कार्य विभाजन होगा। संभवतया नए अधिकारियों की भी पदस्थापना की जा सकती है।