Demand for Bharat Ratna to Atiq : अतीक को भारत रत्न की मांग करने वाला कांग्रेसी नेता गिरफ्तार

पार्षद पद का उम्मीदवार पर कांग्रेस ने 6 साल के लिए निकाला!

1344

Demand for Bharat Ratna to Atiq : अतीक को भारत रत्न की मांग करने वाला कांग्रेसी नेता गिरफ्तार

Prayagraj : कांग्रेस के पार्षद उम्मीदवार राजकुमार उर्फ़ रज्जू भैया को पार्टी ने 6 साल के लिए बाहर कर दिया। राजकुमार पर आरोप था कि उसने माफिया सरगना अतीक अहमद को शहीद बताते हुए उसे भारत रत्न दिए जाने की मांग की। कांग्रेस के पार्षद पद के उम्मीदवार राजकुमार को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया। हालांकि, सिंबल जारी होने की वजह से कांग्रेस का चुनाव निशान उसी के पास रहेगा।

इस कारण कांग्रेस इस सीट पर किसी निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देगी। नगर निगम के वार्ड 43 के कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार ने यह विवादित बयान दिया था। सोशल मीडिया पर बयान के वायरल होने के बाद पुलिस ने इस कांग्रेस उम्मीदवार को गिरफ्तार कर लिया।

राजकुमार उर्फ रज्जू भैया ने बयान में कहा था कि अतीक अहमद की हत्या कराई गई, वह शहीद हुआ है और उसे भारत रत्न दिया जाना चाहिए। उसने कहा था कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस्तीफा दे देना चाहिए।

राजकुमार उर्फ रज्जू भैया ने कहा था कि अतीक अहमद ने शहादत पाई है, लिहाजा उनके शव पर तिरंगा रखा जाना चाहिए था। मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण मिल सकता है, तो फिर अतीक अहमद को भारत रत्न क्यों नहीं मिलना चाहिए! पुलिस का कहना है कि आरोपी राजकुमार ने विवादित बयानबाजी के पहले अतीक की कब्र के पास जाकर तिरंगा रखा, सलामी दी और उसे शहीद बताया था। राजकुमार का कहना था कि वह अतीक को शहीद का दर्जा दिलाएगा।

कांग्रेस के पुराने नेता रहे, अब बाहर
राजकुमार सिंह कांग्रेस पार्टी के पुराने नेता रहे हैं। इस बार निकाय चुनाव में नगर निगम के वार्ड नंबर 43 साउथ मलाका से कांग्रेस के उम्मीदवार भी थे। लेकिन, पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया है। उन्हें पार्टी सिंबल मिल गया था, ऐसे में अब वे इसी निशान से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस इस सीट पर अब किसी और निर्दलीय उम्मीदवार को अपना समर्थन दे सकती है। रज्जू भैया पहले भी पार्षद का चुनाव लड़ चुके हैं। कांग्रेस उम्मीदवार का यह विवादित बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।