Digital Arrest : किसान को डिजिटल अरेस्ट करने की धमकी, उसने डरकर कीटनाशक पी लिया!

धार जिले की कुक्षी थाने की घटना, किसान अस्पताल में भर्ती!

309

Digital Arrest : किसान को डिजिटल अरेस्ट करने की धमकी, उसने डरकर कीटनाशक पी लिया!

Dhar : जिले के कुक्षी थाने के अंतर्गत डिजिटल अरेस्ट का एक मामला सामने आया। एक किसान को कथित पुलिस अधिकारी बनकर एक व्यक्ति ने फोन पर इतना डराया और प्रताड़ित किया कि उसने आत्महत्या का प्रयास किया। किसान ने डरकर कीटनाशक पी लिया। कुक्षी के सिविल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। घटना को लेकर कुक्षी थाने पर किसान के परिजनों ने शिकायत की।

ग्राम कापसी के रहने वाले किसान से पुलिस अधिकारी बनकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने साइबर ठगी का प्रयास किया। किसान को झूठे मामलो में उलझाकर डराया और धमकाया गया। मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इस वजह से भयभीत होकर किसान ने खेत पर जाकर कीटनाशक दवा पी ली। किसान की हालत बिगड़ने पर उसे परिजन उपचार के लिए कुक्षी के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में किसान का डॉक्टरो की टीम द्वारा उपचार किया जा रहा है। फिलहाल किसान के स्वास्थ्य में सुधार है।

इस पूरे मामले को लेकर कुक्षी के थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट के मामले में पुलिस लगातार आम लोगों को जागरुक करते हुए सतर्क भी कर रही है। किसी भी तरीके के फर्जी काल जिनमे कोई पुलिस अधिकारी बनकर डराता-धमकाता है, तो घबराये नही। शीघ्र ही क्षेत्रीय पुलिस को सूचना दें।

उन्होंने कहा कि कोई भी फर्जी तरीके से हजारों किलोमीटर दूर से बैठकर आपको डरा धमकाकर फर्जी तरीके से ऑनलाइन फ्रॉड करने की कोशिश करते हैं। पुलिस हर समय आपकी मदद के लिए तैयार है। आप पुलिस को सूचित करें। वही इस मामले में भी किसान के साथ हुई घटना को लेकर कुक्षी पुलिस ने जांच और कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही है।