हारी हुई सीटों पर सक्रिय दिग्विजय, आज सीएम के क्षेत्र में बनाएंगे रणनीति

रेहटी में ली संगठन की बैठक, हारी हुए 65 सीटों पर 60 दिन के भीतर करेंगे दौरे

800

हारी हुई सीटों पर सक्रिय दिग्विजय, आज सीएम के क्षेत्र में बनाएंगे रणनीति

भोपाल: वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले पंगत में संगत कर प्रदेश भर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को एकजुट करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले फिर सक्रिय हो गए हैं। भोपाल जिले की लगातार हार रही सीटों पर बैठक करने के बाद वे आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र बुधनी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट करने पहुंचे हैं। दिग्विजय सिंह अगले दो महीनों में 65 सीटों पर जाएंगे। वे सभी वे सीटे हैं जो कांग्रेस लंबे अरसे से हार रही है।

दिग्विजय सिंह आज सुबह बुधनी विधानसभा क्षेत्र के रेहटी पहुंचे, यहां पर उन्होंने पहले मंडलम और सेक्टर के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन किया। इसके बाद दोपहर में वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिले। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के पार्षद, कांग्रेस समर्थित जनपद, जिला पंचायत सदस्यों से भी मुलाकात की। साथ ही सेवादल,महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। रेहटी के बाद वे दोपहर में नसरूल्लागंज होते हुए शाम को टिमरनी भी जाएंगे। यहां पर भी वे इसी तरह बैठक करेंगे।

दोनों सीटों पर 2003 से लगातार हार रही कांग्रेस
टिमरनी में कांग्रेस आखिरी बार वर्ष 1998 में विधानसभा का चुनाव जीती थी। यहां पर तब कांग्रेस उम्मीदवार उत्तर सिंह सोनकिया ने भाजपा के मनोहरलाल राठौर को हराया था। इसके बाद से यहां पर कांग्रेस नहीं जीत सकी है। यहां पर अभी भाजपा से संजय शाह मकडई विधायक हैं, वे लगातार तीन बार यहां से जीते हैं। बुधनी भी कांग्रेस आखिरी बार 1998 में जीती थी। यहां से तब कांग्रेस के देवकुमार पटेल ने भाजपा के गुरुप्रसाद शर्मा को चुनाव हराया था। इसके बाद वर्ष 2003 में यहां से राजेंद्र सिंह चुनाव जीते। बाद में हुए उपचुनाव में यहां से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जीते। वे लगातार रिकॉर्ड मतों से चुनाव जीत रहे हैं।