Disciplinary Committee : इंदौर के बेलगाम कांग्रेसियों पर नकेल डालेगी अनुशासन समिति

669

Disciplinary Committee : इंदौर के बेलगाम कांग्रेसियों पर नकेल डालेगी अनुशासन समिति

इंदौर से अनिल शुक्ला की रिपोर्ट

Indore : शहर के बेलगाम कांग्रेसियों पर शिकंजा कसने के लिए शहर कांग्रेस कमेटी ने जम्बो अनुशासन समिति का गठन किया है। समिति पार्टी के बड़े नेताओं खिलाफ दिए जा रहे अनर्गल बयान और पार्टी के विरुद्ध चलने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही सम्बन्धितों के खिलाफ कार्रवाई भी करेगी। इंदौर शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी की घोषणा भी इसी माह किए जाने की तैयारी है।
इंदौर शहर कांग्रेस में अनुशासन हीनता बढ़ते जा रही है। बड़े नेताओं में खींचतान मचे रहने के साथ ही नेता एक दूसरे के खिलाफ आरोप लगाने में पीछे नहीं है। यहीं नही शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के खिलाफ भी असंतुष्ट नेताओं ने मोर्चा खोल रखा है। बाकलीवाल के अस्वस्थ होने का हवाला देकर कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की मांग भी उठ रही है। बेलागम होते कांग्रेसियों पर शिकंजा कसने के लिए व्यवस्था करली गई है।
शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा शहर कांग्रेस की अनुशासन समिति का गठन किया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देश पर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय बाकलीवाल द्वारा 21 सदस्यीय अनुशासन समिति का गठन किया है। समिति की बागडोर पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं वरिष्ठ काग्रेस नेता पंडित कृपा शंकर शुक्ला को सौपी गई है। समिति में वरिष्ठ नेताओं को शरीक किया गया है। अनुशासन समिति कांग्रेस पार्टी के खिलाफ दिए गए बयानो, सोशल मीडिया पर पार्टी के खिलाफ वायरल पोस्टों, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं पर किए जा रहे अनर्गल बयानों, व्यक्तिगत टीका टिप्पणी एवं पार्टी के खिलाफ चलने वाली गतिविधियों पर नजर रखेंगी। समिति आवश्यक होने पर उन सम्बन्धितों पर कार्यवाही भी करेंगी।
इधर कांग्रेस में चल रही उठापटक और असंतोष के बीच शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी घोषित करने की तैयारी शुरू हो गई है। कार्यकारिणी घोषित कर असंतोष को दबाने की कोशिश की जाएगी। बहुप्रतीक्षित कार्यकारिणी के लिए विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद,विधानसभा और लोकसभा का चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों के अलावा वरिष्ठ नेताओं की तरफ से बड़ी संख्या में नाम पहुँच गए है। नेता अपने समर्थकों को महत्वपूर्ण पद दिलाने की कोशिशों में है और इसके लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल पर खासा दवाब भी बना हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने बताया कि नई कार्यकारिणी का एलान इसी माह कर दिया जाएगा। कार्यकारिणी के लिए नाम पहुँच गए है। बाकलीवाल के मुताबिक सक्रीय व ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को संगठन में स्थान दिया जाएगा और सभी की सहमति से कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। बाकलीवाल ने गुटबाजी और असन्तोष की बात से इंकार किया है और सभी का सहयोग मिलने की बात कही है।