पुरानी रंजिश को लेकर 2 पक्षों में हुआ विवाद, गोलीबारी में एक की मौत,12 घायल, 5 पर हत्या का मामला दर्ज

277

पुरानी रंजिश को लेकर 2 पक्षों में हुआ विवाद, गोलीबारी में एक की मौत,12 घायल, 5 पर हत्या का मामला दर्ज

राजेश चौरसिया की रिपोर्ट 

छतरपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खिरवा में शनिवार की रात को पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच इतना विवाद बढ़ गया कि बात गोलीबारी तक जा पहुंची। घटना में एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हुई है, जबकि दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। मामूली घायलों को महाराजपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर घायल जिला अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं। महाराजपुर पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान लेने के बाद मामला दर्ज किया है।

एक पक्ष के 5 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है जबकि दूसरे पक्ष के पांच लोगों पर मारपीट की धाराओं में एफआईआर की गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक नीरज दीक्षित भी रात को जिला अस्पताल पहुंचे थे।

*●यह है मामला…*

 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक खिरवा गांव के रहने वाले सज्जन पटेल उम्र 35 वर्ष ने बताया कि गांव के दामोदर सिंह से वर्ष 2023 में उसका विवाद हुआ था, जिसमें दामोदर ने उसके साथ जानलेवा मारपीट की थी। इसी मामले में दामोदर सिंह और उसके साथियों पर महाराजपुर थाना में हत्या के प्रयास का मामला पंजीबद्ध कराया गया था। उक्त प्रकरण न्यायालय में है और गांव का रामपाल पाल गवाह है, जिसके चलते दामोदर सिंह और उसके साथी रामपाल पाल से भी बुराई मानते हैं। दामोदर सिंह और उसके साथी काफी दिनों से रामपाल पाल के ऊपर बयान बदलने का दबाव बना रहे थे। शनिवार की दोपहर में दामोदर सिंह के परिवार के लोगों का रामपाल के परिवार से मामूली विवाद हुआ लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया। सज्जन के मुताबिक रात करीब पौने 11 बजे को उसे गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वह बाहर निकला, जहां दामोदर के परिवार का मान सिंह, अमर सिंह, पप्पू सिंह, चंद्रभान सिंह, राजू सिंह, रवि सिंह, शिवराम सिंह, मूरत सिंह, परशुराम सिंह, सचिन सिंह, प्रद्युम्न सिंह गाली-गलौज करते हुए फायरिंग कर रहे थे। जब रामपाल के बड़े भाई भूपचंद पाल उम्र 40 वर्ष ने उन्हें रोका तो आरोपियों ने उसे गोली मार दी। आरोपियों ने कुल 6 राउंड फायर किए जिनमें से एक गोली भूपचंद पाल के सीने में लग गई और मौके पर ही भूपचंद की मौत हो गई।

सज्जन के मुताबिक आरोपी यहीं नहीं रुके इसके बाद आरोपी उसके घर आए और परिवार के लोगों से मारपीट तथा हवाई फायर किए। सज्जन ने बताया कि मारपीट में उसके अलावा मालती पाल उम्र 28 वर्ष, मन्नू पाल उम्र 30 वर्ष, गायत्री पटेल उम्र 35 वर्ष, रेखा पटेल उम्र 32 वर्ष और तुलसीदास पटेल उम्र 40 वर्ष घायल हुए हैं।

IMG 20250330 WA0297

वहीं दूसरे पक्ष के प्राण सिंह का कहना है कि सज्जन पटेल और उसके साथियों ने पहले उनके साथ मारपीट की और इसके बाद खुद गोली चलाई। प्राण सिंह का कहना है कि सज्जन पटेल द्वारा पूर्व में भी उनके खिलाफ 307 का फर्जी केस दर्ज कराया गया था। शनिवार के घटना के संबंध में प्राण सिंह का कहना है कि वह अपने घर के बाहर बैठे थे, तभी सज्जन और उसके साथी हथियार लेकर आए और शिवराम सिंह पर गोली चलाई, जिससे शिवराम बाल-बाल बचा। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ-साथ परिवार के मान सिंह, शिवराम सिंह, अमर सिंह और राहुल सिंह के साथ मारपीट की, जो सभी घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।

 

●इनका कहना…

 

खिरवा की घटना के दोनों पक्षों से बयान लिए गए हैं। एक पक्ष के पप्पू सिंह, मान सिंह, शिवराम सिंह, दामोदर और अमर सिंह पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है जबकि दूसरे पक्ष के 5 लोगों पर मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

-प्रशांत सेन, थाना प्रभारी, महाराजपुर