District Incharge Minister: 7 महीने का इंतजार अब होगा खत्म,इसी महीने मंत्रियों को मिलेगा जिलों का प्रभार

193

District Incharge Minister: 7 महीने का इंतजार अब होगा खत्म,इसी महीने मंत्रियों को मिलेगा जिलों का प्रभार

भोपाल:डॉ. मोहन यादव मंत्रिमंडल के मंत्रियों को अब जल्द ही जिलों का प्रभार सौंपा जाने वाला है। इसे लेकर भोपाल से दिल्ली तक होमवर्क लगभग पूरा हो गया है।

मंत्री नागर सिंह चौहान का विभाग छीनने से उभरी नाराजगी के बाद अब मंत्रियों को जिलों का प्रभार इसलिए भी जल्द दिया जाएगा क्योंकि सभी मंत्री पिछले सात महीने से इसका इंतजार कर रहे हैं। जिलों का प्रभार नहीं मिलने से किसी अन्य मंत्री की नाराजगी उभर कर सामने आए इससे पहले ही अब मंत्रियों को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

सूत्रों की मानी जाए तो इस बार स्वतंत्रता दिवस पर सभी मंत्री अपने प्रभार वाले जिले के मुख्य आयोजन में शामिल होंगे। मंत्रियों को अपने क्षेत्र से ज्यादा दूर वाले जिले में नहीं जाना पड़े, इस बात का भी जिलों का प्रभार देने में ध्यान दिया जाएगा।

डॉ. मोहन कैबिनेट में 31 मंत्री हैं, जबकि प्रदेश में 55 जिले हैं। ऐसे में राज्यमंत्रियों को एक-एक जिले का प्रभार दिया जाएगा। स्वतंत्रता प्रभार वाले राज्य मंत्रियों और सभी कैबिनेट मंत्रियों को दो-दो जिलों का प्रभार दिया जाएगा।

*बड़े नेताओं का भी रखा जाएगा ध्यान* 

मंत्रियों को प्रभार दिए जाने में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्रियों के क्षेत्र का भी ध्यान रखा जाएगा। गुना, शिवपुरी, अशोक नगर जिलों का प्रभार केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी मंत्रियों को मिल सकता है। इसी तरह ग्वालियर जिले का प्रभार दिए जाने को लेकर प्रदेश के एक बड़े नेता से राय शुमार कर दिया जाएगा। इसी तरह विदिशा, सीहोर और रायसेन जिले का प्रभार देते वक्त केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का ध्यान रखा जाएगा। वहीं झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, मंडला, शहडोल जिले का प्रभार आदिवासी वर्ग से आने वाले मंत्रियों को दिया जा सकता है।