खरगोन जिले में जनपद अध्यक्ष की बहू गिरफ्तार, फर्जी अंकसूची से नौकरी पाने का मामला   

527

खरगोन जिले में जनपद अध्यक्ष की बहू गिरफ्तार, फर्जी अंकसूची से नौकरी पाने का मामला 

खरगोन : खरगोन जिले में भाजपा की गोगावां जनपद अध्यक्ष गंगाबाई मंडलोई की बहू मनीषा मंडलोई को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मनीषा पर आरोप है कि उसने फर्जी अंकसूची कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की नौकरी हासिल की थी।

गोगावां पुलिस ने मंगलवार को पैनपुर में मनीषा को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद दोपहर में खरगोन में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की कोर्ट में पेश किया। यहां से मनीषा को एक दिन की पुलिस रिमांड दी गई है।

मामले के मुताबिक 2019 में आंगनवाड़ी क्रमांक 1 में मनीषा के साथ ही 20 महिलाओं ने आवेदन किया था। इसमें मनीषा पिता घनश्याम मोर्य (शादी के बाद मनीषा पति अजीत मंडलोई) का नाम 63 प्रतिशत के साथ पहले नंबर पर आया था। दूसरे नंबर पर रोशनी सुखलाल, तीसरे पर जागृति सज्जनसिंह व चौथे पर बस्कर करोंदे थी। इसमें रोशनी व बस्कर ने नियुक्ति की आपत्ति लगाकर शिकायत की।

IMG 20251015 WA0090

जांच में बारहवी की अंकसूची(पुनासा विद्यालय खंडवा) में 337 अंक की जगह 437 अंक मिले। मार्कशीट में कथित छेड़छाड़ कर 100 अंक बढ़ा लिए थे। तत्कालीन कलेक्टर के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने 16 अगस्त 2023 को थाना प्रभारी गोगावां को केस दर्ज करने का आवेदन दिया था।

मामले में एडवोकेट लखन सिंह पवार ने हाइकोर्ट इंदौर में याचिका दायर की। इसके बाद हाइकोर्ट के निर्देश पर 4 नवंबर 2024 को धारा 420,467,468,471 में प्रकरण पंजीबद्ध हुआ।

करीब 11 महीने बाद मंगलवार को गिरफ्तारी हुई है।

पुलिस के अनुसार यह भी पता किया जायेगा कि अंकसूची बनवाने से लेकर मार्कशीट बदलवाने तक व अंक गणना तक कौन कौन लिप्त हैं।