
संभागायुक्त ने पशुपालन विभाग के उप संचालक को किया निलंबित, मुख्यमंत्री पशुधन योजना में लापरवाही पर हुई कार्रवाई
इंदौर: संभागीय समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पशुधन योजना के घटक डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनू योजना के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही सामने आने पर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने बड़वानी जिले के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप संचालक श्री लक्ष्मण सिंह बघेल को निलंबित कर दिया है।
इस संबंध में जारी आदेशानुसार डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनू योजना के अंतर्गत 24 मार्च 2026 की स्थिति में जिला बड़वानी को वित्तीय वर्ष में 10 प्रकरणों का लक्ष्य दिया गया था, किन्तु समीक्षा के दौरान पाया गया कि बड़वानी जिले में पोर्टल पर बैंक द्वारा कोई भी प्रकरण स्वीकृत एवं वितरण नहीं किया गया है। शासन की प्राथमिकता वाली योजना में शासन स्तर से सतत मॉनिटरिंग एवं निर्देश दिए जाने के उपरांत भी लक्ष्मण सिंह बघेल द्वारा कोई रूचि नहीं लेकर अपने कर्तव्य निर्वहन में त्रुटि करते हुए अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता बरती गई है।





