
Dog’s Attack: बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर गिरा, चेहरे और शरीर में गंभीर चोटें, अस्पताल में भर्ती
छतरपुर: छतरपुर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। देर रात एक युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया, जब बाइक से घर लौटते समय उस पर अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया। खुद को बचाने की कोशिश में युवक की बाइक अनियंत्रित हो गई और वह डिवाइडर के पास गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना बसारी क्षेत्र के पास की बताई जा रही है। घायल युवक भागीरथ यादव देर रात किसी निमंत्रण कार्यक्रम से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक आवारा कुत्ता उन पर झपटा। हमले से घबराकर उन्होंने बाइक संभालने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके चेहरे और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल के भतीजे शिवम यादव ने बताया कि हमला इतना अचानक था कि बचाव का मौका ही नहीं मिला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों और मवेशियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, जानवरों के हमले और काटने के मामलों में हाल के महीनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
ऐसे में आवारा जानवरों पर नियंत्रण के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।





