
मिड-डे मील की जूठी थालियां चाटते मिले कुत्ते : मामले में प्राचार्य सहित 3 शिक्षकों पर गिरी गाज
बड़वानी : मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के राजपुर विकासखंड क्षेत्र में स्थित एक शासकीय प्राथमिक विद्यालय में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आई है। विद्यालय परिसर में बच्चों की जूठी थालियों को कुत्तों द्वारा चाटे जाने का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रभारी प्राचार्य सहित तीन शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार मामला राजपुर विकासखंड के ग्राम रुई स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का है। 26 जनवरी को मध्यान्ह भोजन वितरण के बाद उपयोग की गई थालियां दो दिनों तक नहीं धोई गईं। इस दौरान विद्यालय परिसर में रखी थालियों को कुत्तों द्वारा चाटे जाने का वीडियो सामने आया, जिसने पूरे मामले को तूल दे दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शिक्षा विभाग हरकत में आया।
राजपुर के विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रफुल्ल पुरोहित ने बताया कि मामले की जांच विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक द्वारा की गई। जांच प्रतिवेदन सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास को सौंपा गया। जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर शासकीय प्राथमिक विद्यालय रुई के प्रभारी प्राचार्य मदनलाल मुजाल्दे, सहायक शिक्षक भारत सिंह कन्नौजे तथा ठान सिंह नरगावे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।
अधिकारियों के अनुसार शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद तीनों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए 5-5 दिन का वेतन काटने के आदेश जारी किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि 27 जनवरी को विद्यालय में मध्यान्ह भोजन नहीं बनाया गया था तथा भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार नहीं दिया जा रहा था। इससे बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं।
प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाले स्व-सहायता समूह की सेवाएं भी समाप्त कर दी हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित निरीक्षण और निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा।





