सत्ता का घमंड न करें,भ्रष्टाचार भी न करें,भाजपा प्रशिक्षण वर्ग के समापन पर बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

1844

सत्ता का घमंड न करें,भ्रष्टाचार भी न करें,भाजपा प्रशिक्षण वर्ग के समापन पर बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

चद्रकांत अग्रवाल की रिपोर्ट

पचमढ़ी। किसी भी लोकतंत्र में सत्ता कभी स्थाई नहीं होती है,अतः सत्ता में, पावर आने पर घमंड न करें। यह उदगार आज सोमवार को भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रदेश के भाजपा सांसदों,मंत्रियों,विधायकों और संगठन के नेताओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने पार्टी नेताओं को सीख देते हुए कहा कि सत्ता मिलने पर घमंड करने से बचें और पूरी ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करें.

IMG 20250616 WA0161

भाजपा के दिग्गज नेता और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा नेताओं को सार्वजनिक जीवन जीने की कला के गुर सिखाए। उन्होंने पार्टी के नेताओं को लोकतंत्र से लेकर नैतिकता, ईमानदारी और सदाचार का पाठ पढ़ाया। राजनाथ सिंह ने कहा कि राजनीति में कुछ भी स्थाई नहीं है,अतः नेताओं को ईमानदारी से काम करना चाहिए। रक्षा मंत्री ने पार्टी नेताओं को सीख देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार से दूर रहें। उन्होंने कहा कि पूरी ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करें। इस मौके पर उन्होंने जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक के सफर के बारे में भी पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को जानकारी दी।

IMG 20250616 WA0160

प्रशिक्षण वर्ग में रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने भारत की कार्रवाई का बचाव करते हुए इसे संयमित व सीमित कार्रवाई करारा दिया। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने रामचरित मानस की चौपाई का भी जिक्र किया। रक्षा मंत्री ने कहा, ‘जिन्ह मोहि मारा, ते मैं मारे. यानी हमने उन्हीं आतंकियों को निशाना बनाया, जिन्होंने पहलगाम में भारत के निर्दोष नागरिकों की हत्या की थी। शिविर में शरिक हुए भाजपा नेताओं पर भी राजनाथ के भाषण का असर स्पष्ट दिखाई दिया। प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने वाले कुछ मंत्रियों,सांसदों,विधायकों ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि राजनाथ सिंह ने हमें बताया कि घमंड नहीं करना चाहिए और भ्रष्टाचार से मुक्त रहना चाहिए क्योंकि हम स्वयं के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र के लिए काम कर रहे हैं। विधायक सांसद अपनी वजह से नहीं जनता के कारण बने हैं। उन्होंने हमें पार्टी के महापुरुषों अटल जी से लेकर दीनदयाल उपाध्याय और श्याम प्रसाद तक के संघर्ष के बारे में बताया, जो हमारे लिए प्रेरणाप्रद रहा।

IMG 20250616 WA0162

कुछ विधायकों ने मीडिया से कहा कि इस बार का प्रशिक्षण शिविर पूर्व के शिविरों से काफी अलग था। यह शिविर को अटेंड करने के बाद हमें इस बात का अहसास हुआ कि हमें कब,कैसे,क्या करते हुए आगे जाना है। उन्होंने बताया कि राजनाथ सिंह ने आज रक्षा मंत्री ही नहीं, बल्कि बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाते अपने सांगठनिक अनुभव से भी हमें प्रशिक्षण दिया। हमें बहुत कुछ सीखने को मिला। ऐसे सार्थक प्रशिक्षण वर्ग अलग-अलग जगहों पर आयोजित होते रहना चाहिए।


 केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 3 दिवसीय पचमढ़ी भाजपा प्रशिक्षण वर्ग का समापन किया  

 


 

भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से कहा कि 14 से 16 तक तीन दिन यह वर्ग चला। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस वर्ग का उद्घाटन किया था। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के सभी सांसद और विधायक समेत कुल 201 कार्यकर्ता शामिल हुए। हालांकि, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और 15 विधायक अलग अलग कारणों से शिविर में शामिल नहीं हो पाए। उन्होंने बताया कि पहली बार और दूसरी बार के विधायकों से अलग-अलग ग्रुप बनाकर चर्चा भी की गई। इसके अलावा, 3 बार से 9 बार तक के विधायकों से भी अलग अलग ग्रुप बनाकर चर्चा की गई।

अपने बयान के कारण काफी चर्चा में आए,विवादास्पद मंत्री विजय शाह को अकेले घूमते हुए और मीडिया से दूरी बनाते हुए देखा गया।