Dowry Harassment : दहेज़ के लिए सताई गई 5 बहुएं पुलिस के पास पहुंची!

किसी बहू को पैसे तो किसी को कार के लिए प्रताड़ित किया गया!

506

Dowry Harassment : दहेज़ के लिए सताई गई 5 बहुएं पुलिस के पास पहुंची!

Indore : शहर में बहुओं पर लगातार अत्याचार की जाने की घटनाएं हो रही है। अलग-अलग स्थानों से पांच बहुएं थाने पहुंची और दहेज लोभी ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज करवाया। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार फरियादी पूजा यादव (25 साल) निवासी सुखलिया ने पुलिस को बताया कि उसे मायके से 5 लाख रुपए और जेवर की मांग को लेकर पति बलराम यादव निवासी मंडलेश्वर और अन्य परिजनों ने प्रताड़ित कर उसे घर से निकाल दिया। हीरा नगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
इसी प्रकार मुखर्जी नगर में रहने वाली 26 वर्षीय रंजीता पाल के मुताबिक उसकी शादी पलकेश निवासी बड़वानी से हुई। शादी के बाद से ही उसे पति पलकेश, सास मीरादेवी पाल, ससुर कुंदनसिंह पाल, श्वेता पाल आदि ने प्रताड़ित कर जान से मारने की धमकी दी। बाणगंगा पुलिस ने सभी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

फरियादी दीपिका जोशी (28 साल) निवासी टेलीफोन नगर की रिपोर्ट पर पति मनोज जोशी, सास मंजुला जोशी, ससुर बाबूलाल जोशी आदि के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की धारा में केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक फरियादी दीपिका को मायके से कार लाने के लिए प्रताड़ित किया। फरियादी ललिता परमार (34 साल) निवासी ग्राम छपरिया बडगोंडा को मायके से दहेज कम देने की बात को लेकर पति दिनेश परमार एवं अन्य परिजनों ने प्रताड़ित कर उसे घर से बेदखल कर दिया।

मानपुर पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज किया है। दहेज प्रताड़ना का एक अन्य मामला छत्रीपुरा थाने में दर्ज हुआ। फरियादी रेखा चौहान (27 साल) निवासी समाजवादी इंदिरा नगर ने पुलिस को बताया कि उसे मायके से दो लाख रुपए लाने के लिए पति भारत चौहान सांस निर्मला चौहान ससुर सुनील चौहान आदि ने प्रताड़ित किया।