जांच के चलते IAS नहीं बन पाए दुबे, 1 सप्ताह में होगा फैसला, 7 सीनियर हुए अनफिट

1288
IAS Transfer

भोपाल। स्कूल शिक्षा विभाग की विभागीय जांच पूरी नहीं हो पाने के कारण विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक में पात्र पाए जाने के बाद भी राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सुनील दुबे का आईएएस में प्रमोशन फिलहाल अटक गया है।
DOPT ने एक सप्ताह में इस मामले की जांच प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। जांच में क्लीनचिट मिलने पर दुबे को आईएएस बनाए जाने के आदेश जारी किए जाएंगे। वहीं राज्य प्रशासनिक सेवा में पात्रता के दायरे में आने वाले सात वरिष्ठ अधिकारी आईएएस के लिए अनफिट पाए गए है। इसके चलते वरिष्ठता सूची में उनसे जूनियर अफसरों को आईएएस बनने का मौका मिल गया है।

संघ लोक सेवा आयोग ने बीस दिसंबर को राज्य प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति के लिए भोपाल में विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में सात अफसर अनफिट पाए गए है। वहीं राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सुनील दुबे स्कूल शिक्षा विभाग से जुड़े एक मामले में फसे हुए है। जांच अब तक पूरी नहीं हो पाई है। विभागीय पदोन्नति समिति ने दुबे को प्रमोशन के लिए पात्र पाया है लेकिन उनकी विभागीय जांच पूरी होंने के बाद ही उन्हें पदोन्नत किया जाएगा। डीओपीटी ने मध्यप्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक को निर्देशित किया है कि एक सप्ताह में इस मामले का निराकरण करे। अगले सप्ताह दुबे का पदोन्नति आदेश जारी होंने की संभावना है।

सात वरिष्ठ हुए अनफिट, कनिष्ठों को मिला प्रमोशन

राज्य प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति के लिए कुल 18 पद थे। इन पर राज्य प्रशासनिक सेवा के 54 अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया। विनय निगम और वरदमूर्ति मिश्रा को भी पदोन्नति के योग्य पाया गया और उन्हें पदोन्नत कर दिया गया । वहीं वरिष्ठता क्रम में शामिल पहले अठारह अधिकारियों में से सात अधिकारी अनफिट पाए गए इसके चलते उन्हें आईएएस अवार्ड नहीं मिल पाया है। इन अधिकारियों में विवेक सिंह, पंकज शर्मा, त्रिभुवन नारायण सिंह, नारायण प्रसाद नामदेव, जयेंद्र कुमार विजयवत, मनोज मालवीय और डॉ कैलाश बुंदेला शामिल है। इन्हें आईएएस अवार्ड नहीं हो पाया है।

इसके चलते वरिष्ठता सूची में उनसे नीचे के अधिकारी उनसे पहले आईएएस बनने में सफल हो गए है।

ये सत्रह बने आईएएस

सुधीर कोचर, रानी बाटड, चंद्रशेखर शुक्ला, दिलीप कुमार कापसे, बुद्धेश वैद्य, वरदमूर्ति मिश्रा, विनय निगम, अभय अरविंद बेडेकर, अजय देव, नियाज अहमद, नीतू माथुर, अंजू पवन भदौरिया, जमना भिड़े, राखी सहाय, शीला दाहिमा, संजय कुमार जैन, विदिशा मुखर्जी।