
भारी बारिश के चलते नदी नाले उफान पर, पुलिया पर फंसने से बमुश्किल बची बुरहानपुर कलेक्टर की गाड़ी
बुरहानपुरः भारी बारिश के चलते इन दिनों मध्य प्रदेश के नदी नाले उफान पर है। इसी दौरान बुरहानपुर के कलेक्टर हर्ष सिंह की गाड़ी एक पुलिया पर फंसने से बमुश्किल बची।
मध्य प्रदेश में इन दिनों मानसून मेहरबान है। झमाझम बारिश का दौर जारी है। इसी कड़ी में बुरहानपुर में जिले में भारी बारिश के चलते नदी नाले उफान पर है। बारिश के बीच कलेक्टर अपना काफिला लेकर दौरे पर निकले थे।

दरअसल, कलेक्टर हर्ष सिंह अपने काफिले को लेकर सजनी दहींदा मार्ग से गुजर रहे थे। उस वक्त एक पुलिया का पानी अचानक बढ़ गया। देखते ही देखते पुलिया के ऊपर से बाढ़ का पानी बहने से फंस गए। कलेक्टर और प्रशासनिक अफसर करीब 30 मिनट तक पानी उतरने का इंतजार करते रहे। इसके बाद कलेक्टर का काफिला उस पुलिया को पार करने की लिए निकला लेकिन रास्ते में ही कलेक्टर की गाड़ी बमुश्किल फंसते फंसते बची।
लोगों का मानना है कि कलेक्टर को इस तरह पुलिया के पानी को देखते हुए नहीं निकलना चाहिए था। जब कलेक्टर ही रिस्क ले रहे हैं तो जनता से क्या उम्मीद की जानी चाहिए! लोग कह रहे हैं कि कलेक्टर का यह एक्शन गलत माना जाना चाहिए।





