Dy CM Jagdish Devda: सेना वाले बयान पर सियासी घमासान मचने के बाद अब देवड़ा का बयान आया सामने – कहा – मेरे बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है 

644

Dy CM Jagdish Devda: सेना वाले बयान पर सियासी घमासान मचने के बाद अब देवड़ा का बयान आया सामने – कहा – मेरे बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है 

वरिष्ठ पत्रकार डॉ.घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट 

भोपाल: मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के सेना वाले बयान पर सियासी घमासान मच गया है। कांग्रेस लगातार हमलावर है। अब देवड़ा का बयान सामने आया है, उन्होंने इसे कांग्रेस का दुष्प्रचार बताया और कहा – मेरे बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के बयान को लेकर उठे राजनीतिक विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कांग्रेस उनके बयान को गलत तरीके से पेश कर रही है। उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर जनता के सामने पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह जबलपुर में आयोजित सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स के एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए। जहां उन्होंने भारतीय सेना की बहादुरी और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता की सराहना की थी।

देवड़ा ने बताया कि वहां मैंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में हमारी सेना ने जो अद्वितीय पराक्रम दिखाया है, उसकी जितनी सराहना की जाए वह कम है। देश की जनता भारत की सेना के चरणों में नतमस्तक है। हम उनके पराक्रम को प्रमाणित करते हैं, उन्हें सम्मान देते हैं।

डिप्टी सीएम देवड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके शब्दों को जानबूझकर तोड़मरोड़कर पेश कर रही है। देवड़ा ने यह भी कहा कि इस प्रकार की बयान को गलत तरीके से पेश करने के षड्यंत्र के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन और विचलित होकर इस तरह की बयानबाज़ी कर रही है। वह कार्रवाई के लिए शिकायत करेंगे। कांग्रेस को अपनी देश में स्थिति कैसी है यह स्वयं देखना चाहिए।

*क्या था मामला* 

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में की गई कार्रवाई को लेकर डिप्टी सीएम देवड़ा ने कहा था कि देश की सेना और सैनिक उनके चरणों में नतमस्तक हैं, पूरा देश उनके चरणों में नतमस्तक है। उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है। दरअसल, इस वाक्य से पहले वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र कर रहे थे। इस वजह से कांग्रेस ने उन पर सेना का अपमान करने का आरोप लगाया है। दावा किया जा रहा है कि उप मुख्यमंत्री देवड़ा पीएम मोदी के चरणों में नतमस्तक होने की बात कर रहे थे।