
E-rickshaw Fare is Fixed : ई-रिक्शा का किराया तय, 2 किमी तक 10 रुपए प्रति यात्री, उसके बाद 5 रुपए!
Indore : पांच या इससे अधिक क्षमता के संचालित ई-रिक्शा के किरायों की दर तय कर दी गई। यह किराया क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार द्वारा जारी आदेश के अनुक्रम में हुआ। ई-रिक्शा पैसेंजर बैठक क्षमता 4 या इससे अधिक के लिए पहले दो किलोमीटर और उसके भाग के लिए 10 रुपए प्रति यात्री किराया तय किया गया। इसके बाद यानी 2 किमी के बाद प्रति यात्री प्रत्येक किलोमीटर के लिए 5 रुपए प्रति यात्री किराया निर्धारित किया गया है।
प्रशासन ने ई रिक्शा की दर जरूर तय कर दी है। लेकिन इनकी बढ़ती संख्या पर अभी तक कोई लगाम कसने के कदम नहीं उठाए है। इंदौर में ई रिक्शा की सुविधा शहरवासियों के लिए अब परेशानी का सबब बन गई है। शहर में ई-रिक्शा की संख्या इतनी तेजी से बढ़ी कि किसी को कुछ समझ ही नहीं आया। राजवाड़ा जैसा सघन क्षेत्र जहां पैदल चलना भी मुश्किल है।
12 हजार से ज्यादा ई-रिक्शा
करीब छह माह पहले महापौर ने खुद सार्वजनिक रूप से घोषणा की थी कि राजवाड़ा क्षेत्र ई-रिक्शा मुक्त होगा। लेकिन, घोषणा भी हवा में उड़ गई और कुछ नहीं हुआ। परिवहन विभाग के अनुसार शहर में वर्तमान में 12 हजार से ज्यादा ई-रिक्शा दौड़ रहे हैं। हाई कोर्ट खुद परिवहन विभाग, जिला प्रशासन और नगर निगम को ई-रिक्शा की वजह से शहरवासियों को हो रही परेशानी को लेकर फटकार लगा चुका है, बावजूद इसके कुछ नहीं हुआ।





