Easy Transportation Service : प्रदेश में सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत सितंबर से, उज्जैन से चलेगी पहली बस!

उज्जैन, इंदौर संभाग में सर्वे का काम पूरा, अब जबलपुर और सागर संभाग में सर्वे होगा!

320

Easy Transportation Service : प्रदेश में सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत सितंबर से, उज्जैन से चलेगी पहली बस!

Bhopal : मध्य प्रदेश में सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत इस साल सितंबर में हो सकती है। प्रयोग के तौर महाकाल की नगरी उज्जैन से इसकी शुरुआत होगी। परिवहन विभाग इस सेवा के लिए परमिट देने से लेकर अन्य तैयारी करने में जुटा है। इसके लिए रूटों का सर्वे किया जा चुका है।

उज्जैन में प्रयोग सफल होने के बाद अन्य जिलों में सुगम परिवहन सेवा प्रारंभ की जाएगी। निजी बस ऑपरेटरों से अनुबंध कर बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए परमिट सरकार का रहेगा न कि अनुबंधकर्ता का। सुगम परिवहन सेवा को कैबिनेट की स्वीकृति मिल चुकी है। धार्मिक नगरी होने के साथ ही वर्ष 2028 में सिंहस्थ को देखते हुए सबसे पहले बस संचालन के लिए उज्जैन को चुना गया है।

प्रदेश में लोक परिवहन व्यवस्था फिर से शुरू करने के लिए पहले चरण में 300 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी है। इसमें तीन श्रेणी की बसें होंगी। 18 सीट वाली मिनी बस, 32 सीट वाली मिडी बस और 52 सीट वाली बड़ी बस। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए भारत सरकार से भी 30% सब्सिडी मिलेगी। प्राइवेट बसों की तुलना में किराया कम रहे, इसलिए राज्य सरकार भी बसों का संचालन करने वाली कंपनी को सब्सिडी देगी।

जिले के भीतर और एक से दूसरे जिलों के बीच यह सेवा प्रारंभ की जाएगी। सूत्रों ने बताया कि बस संचालन के लिए उज्जैन और इंदौर संभाग में सर्वे का काम पूरा हो चुका है। अब जबलपुर और सागर संभाग में सर्वे होगा।