
‘जादू-टोने’ का असर: कुंभ में वायरल हुई मोनालिसा की शादी पर दादी, पिता और चाचा का रिएक्शन
खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की रहने वाली और प्रयागराज के महाकुंभ में वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आई युवती मोनालिसा भोंसले ने अपने पिता की इच्छा के विरुद्ध केरल में अपने प्रेमी फरमान खान से मंदिर में शादी कर ली है। इस घटना के बाद मोनालिसा का परिवार हैरान है। उसके पिता जहां इसे जादू-टोने का असर बता रहे हैं, वहीं उसके चाचा का कहना है कि अब जो भी मोनालिसा के भाग्य में लिखा होगा, वही होगा।
मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले ने बताया कि 2 मार्च को कुछ लोग केरल से आए थे, जिन्होंने उनकी बेटी को फिल्म में काम दिलाने और एक्टिंग सिखाने का भरोसा दिलाया था। उन्होंने बताया कि वे अपनी बेटी के साथ उन लोगों के साथ केरल चले गए थे। लेकिन वहां जाकर मोनालिसा ने उन्हीं में से एक युवक फरमान खान से शादी कर ली। मैंने इसका विरोध किया और उसे वापस महेश्वर लौटने के लिए कहा, लेकिन वह तैयार नहीं हुई, जयसिंह ने कहा।
उन्होंने बताया कि वे केरल के संपन्नूर पुलिस स्टेशन भी पहुंचे थे और वहां शिकायत की थी। हालांकि पुलिस ने उन्हें बताया कि मोनालिसा 18 वर्ष की हो चुकी है और बालिग होने के कारण वह अपनी इच्छा से शादी करने के लिए स्वतंत्र है।
मोनालिसा के चाचा विजय सिंह भोंसले का कहना है कि उनकी भतीजी जनवरी में ही 18 साल की हुई है और केरल के लोग उसे एक्टिंग के नाम पर भला फुसला कर अपने साथ ले गए थे। “हम लोग ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं, हमें समझ नहीं आ रहा कि ऐसा कैसे हो गया। हो सकता है उस पर किसी ने जादू-टोना कर दिया हो,” उन्होंने कहा।
विजय सिंह ने कहा कि अब परिवार के पास ज्यादा कुछ करने को नहीं बचा है। “अब उसके भाग्य में जो लिखा होगा वही होगा। हम बस यही चाहते हैं कि उसका करियर अच्छा बने और वह जीवन में आगे बढ़े,” उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी कहा कि मोनालिसा की शादी के दौरान केरल में कुछ प्रभावशाली लोगों का समर्थन भी मिला। उन्होंने बताया मोनालिसा के पिता जय सिंह हताश और निराश होकर वापस लौट रहे हैं।
उन्होंने बताया कि फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा की फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ साइन करने के बाद मोनालिसा को जो राशि मिली थी, वह घर के काम आने के बजाय उसके आने-जाने, रहने और ट्रेनिंग में ही खर्च हो गई।
मोनालिसा के चचेरे भाई जय भोंसले ने बताया कि मोनालिसा का सपना एक स्कूल खोलने का था। उन्होंने कहा कि मोनालिसा के अचानक मशहूर हो जाने के बावजूद परिवार की जीवनशैली में ज्यादा बदलाव नहीं आया है और वे आज भी पहले की तरह ही जीवन जी रहे हैं।
महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा के उसके बॉयफ्रेंड से केरल में शादी कर लेने के बाद खरगोन जिले का महेश्वर में उसके घर मुर्दनी सी छाई हुई है। जहां पिता और चाचा अब किसी का मोबाइल फोन अटेंड नहीं कर रहे हैं, वहीं घर पर अन्य परिजन उसके बारे में बात करने से कतरा रहे हैं। उन्होंने वीडियो नहीं बनाने की ताकीद की।
मोनालिसा की फरमान खान से केरल में हिंदू मंदिर में शादी और विवाह के रजिस्ट्रेशन के बाद यह खबर जंगल में आग की तरह फैली थी। कल देर रात महेश्वर स्थित उसके घर पहुंचे खबर नवीसों को परिवार के आक्रोश का सामना करना पड़ा था।
आज पत्रकारों ने वहां जाकर पाया कि दादी प्रमिला घर के बाहर खाट पर मायूस सी बैठी हुई है। घर के फाटक अंदर से बंद थे।
दादी भी इस बारे में बात नहीं करना चाहती। आसपास के घरों की महिलाएं व बालिकाएं भी दुखी और नाराज दिखाई दी। वे अपने समाज के अलावा अन्य समाज के व्यक्ति से मोनालिसा के विवाह से हैरान परेशान प्रतीत हुईं।
दादी ने बताया कि मोनालिसा के पिता केरल से वापस लौट रहे हैं और चाचा कहीं बाहर गए हुए हैं। मोनालिसा की मां चने काटने गई हुई थी।
उन्होंने कहा कि मोना फिल्म में काम करने गई थी और यह क्या कर लिया । यदि वह शादी ही करना चाहती थी तो हमें बताती, समाज से कोई ठीक-ठाक व्यक्ति ढूंढ कर कर देते।
उज्जैन के महेंद्र लोधी, जो वायरल होने के बाद मोनालिसा को पढ़ाई और एक्टिंग की ट्रेनिंग दे रहे थे, ने बताया कि परिवार वालों के फोन आने पर उन्होंने मोनालिसा से बात की थी। “उसने बताया कि उसके घर वाले उसकी शादी कहीं और करना चाहते थे, जबकि वह पहले ही किसी और को पसंद कर चुकी थी, इसलिए उसने यह फैसला लिया,” लोधी ने कहा।
लोधी ने बताया कि मोनालिसा उज्जैन में किराए के मकान में रहकर उनसे प्रशिक्षण ले रही थी और उसने तेलुगू फिल्म ‘लाइफ’ भी साइन की थी, जिसकी डायलॉग डिलीवरी के लिए वह उसकी मदद कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि हैदराबाद में इसकी शूटिंग भी चल रही थी और आज वह उसे फोन लगाकर शेष गानों की शूटिंग के बारे में चर्चा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मोनालिसा का करियर बनाने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की थी।
महेश्वर के थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने बताया कि मोनालिसा के परिवार वालों का कई बार फोन आया था । गोयल ने कहा कि मुझे नहीं मालूम था कि वह केरल में है। हालांकि इसके बाद उन्होंने संबंधित पुलिस स्टेशन पर चर्चा कर वहां की लोकेशन भी प्राप्त की थी ताकि परिवार वालों की चिंता दूर हो सके।
मोनालिसा भोंसले अपने परिवार के साथ खरगोन जिले के महेश्वर के वार्ड नंबर 9 में रहती है. यह पारदी कम्युनिटी के लोग हैं जो जगह-जगह घूम कर रुद्राक्ष और स्टोन की मालाएं बेचते हैं।





