भोपाल मंडल के 9 रेलवे स्टेशनों को दिव्यांग फ्रेंडली बनाने की कवायद शुरू, 1.62 करोड़ होंगे खर्च

41

भोपाल मंडल के 9 रेलवे स्टेशनों को दिव्यांग फ्रेंडली बनाने की कवायद शुरू, 1.62 करोड़ होंगे खर्च

भोपाल। भोपाल मंडल के 9 रेलवे स्टेशन दिव्यांग यात्रियों के लिए ज्यादा सुविधाजनक बनाए जाएंगे। इस काम के लिए रेलवे ने करीब 1 करोड़ 62 लाख 96 हजार 533 रुपए की योजना तैयार की है। मकसद यह है कि दिव्यांगजन बिना किसी परेशानी के स्टेशन पर आ-जा सकें और यात्रा के दौरान उन्हें दूसरों पर निर्भर न रहना पड़े। रेलवे की इस योजना के तहत संत हिरदाराम नगर, हरदा, इटारसी, नर्मदापुरम, सांची, विदिशा, गंजबासौदा, गुना और शिवपुरी स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से अपग्रेड किया जाएगा। इन स्टेशनों पर दिव्यांग यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जरूरी बदलाव किए जाएंगे।

*रैंप, दिव्यांग शौचालय और टैक्टाइल पाथ की सुविधा*

योजना के तहत स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म तक आसान पहुंच के लिए मजबूत रैंप बनाए जाएंगे। दिव्यांगों के लिए विशेष शौचालय तैयार किए जाएंगे ताकि उन्हें असुविधा न हो। दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए टैक्टाइल पाथ बनाए जाएंगे, जिससे उन्हें चलने में मार्गदर्शन मिलेगा। प्लेटफॉर्म और सीढ़ियों के पास मजबूत रेलिंग लगाई जाएगी और बड़े, साफ साइन बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को दिशा समझने में आसानी हो। जरूरत पड़ने पर व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी, जिससे बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों को तुरंत मदद मिल सके। प्रवेश और निकास द्वारों में भी बदलाव किए जाएंगे, ताकि व्हीलचेयर से आने-जाने वाले यात्रियों को दिक्कत न हो।