

Encouragement on Widow Remarriage : ‘विधवा विवाह प्रोत्साहन योजना’ में 2 लाख की सहायता देने की सीएम की घोषणा!
मनावर से स्वप्निल शर्मा की रिपोर्ट
Manawar (Dhar) : उमरबन विकासखंड में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में 2123 जोड़ों का विवाह हुआ। इस अवसर पर नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकार ‘विधवा विवाह प्रोत्साहन योजना’ में जीवन की शुरुआत करने वाली महिलाओं को 2 लाख रुपए की सहायता देकर उनके जीवन को सुखमय बनाएंगे। अंतरजातीय विवाह के लिए भी हम ऐसे जोड़ों को 2 लाख की सहायता देंगे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की योजनाओं की प्रशंसा भी की।
उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा कर आतंकवादियों को चेतावनी भी दी कि शीघ्र ही प्रधानमंत्री उन्हें सबक सिखाएंगे। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और भाजपा सरकार के शासन की तुलना पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पौने दो करोड़ की सिंचाई योजना का भूमि पूजन भी किया। इस योजना से 183 गांवों के एक लाख 46 हजार किसानों को सिंचाई का लाभ उपलब्ध हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने मंच के पास नृत्य करने वाले आदिवासी दल को 10 हजार रुपए देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर 46 हजार करोड़ की राशि किसानों के खाते में डाली गई।
उमरबन विकासखंड में हाल ही में अग्निकांड में पीड़ित परिवारों को भी मुख्यमंत्री ने तीन-तीन लाख रुपए की मदद देने की घोषणा की। उन्होंने समारोह में देरी से आने पर मंच से क्षमा भी मांगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान कार्ड वाले गंभीर मरीजों को हमारी सरकार हवाई जहाज और हेलीकॉप्टर से इलाज की सुविधा मुहैया कराएगी। मुख्यमंत्री ने संबल योजना और किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया। केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने भी संबोधित किया। समारोह में धार, धरमपुरी विधायक, कई वरिष्ठ भाजपा नेता भी मंचासीन थे। आभार ग्रामीण जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार ने माना।
जिला बनाने या बायपास की घोषणा नहीं की
मनावर विधानसभा क्षेत्र के उमरबन में ‘मुख्यमंत्री कन्यादान योजना’ में शामिल मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए भाषण में मनावर को न तो जिला बनाने घोषणा की और न बायपास की घोषणा की गई। जबकि, लोगों को उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री आज किसी एक मांग पूरी करने की घोषणा जरूर करेंगे। मनावर विधायक डॉ हीरालाल अलावा को मंच पर न देखकर मुख्यमंत्री ने उनका नाम नहीं लिया।