EOW Raid : आय से अधिक संपत्ति के 3 मामलों में EOW की 5 जगह छापेमारी

XUV और JCB समेत कई दो और चार पहिया वाहन और मकान, दुकान और गोदाम मिले

856

EOW Raid : आय से अधिक संपत्ति के 3 मामलों में EOW की 5 जगह छापेमारी

Jabalpur : आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने आय से अधिक संपत्ति के तीन मामलों में 5 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई जबलपुर और सागर जिले में की गई। इस कार्रवाई में तीनों के पास से आय से अधिक संपत्ति पाई गई। सभी चल और अचल संपत्ति की पड़ताल की जा रही है।

सागर EOW की टीम ने निवाड़ी के जल संसाधन विभाग में पदस्थ टाइम कीपर के निवास पर छापा मारा। मिली शिकायत की जाँच EOW सागर टीम ने की। जांच में मिले साक्ष्य के आधार पर पाया गया कि आरोपी कैलाशचन्द्र मिश्रा, टाइम कीपर, जल संसाधन विभाग, निवाड़ी ने वैधानिक स्त्रोतों से प्राप्त आय से लगभग 110% अधिक व्यय एवं संपत्ति अर्जित की गई है! प्रथम दृष्टया आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य पाये जाने से आरोपी कैलाश चन्द्र मिश्रा और उनके पुत्र नरेन्द्र मिश्रा, ग्राम दिगवार खुर्द, थाना सिमरा, तहसील पृथ्वीपुर, जिला निवाड़ी के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की विवेचना EOW निरीक्षक उमा नवल आर्य द्वारा की जा रही है। प्रकरण की विवेचना में आरोपी द्वारा अर्जित संपत्ति एवं निवेश आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए अदालत से सर्च वारंट प्राप्त कर आरोपी के निवास स्थानों ग्राम दिगवार खुर्द, थाना सिमरा, तहसील पृथ्वीपुर, जिला निवाड़ी एवं जेरोन रोड, पॉवर हाउस के आगे, मेन रोड पृथ्वीपुर, निवाड़ी में सर्च कार्यवाही की गई। सर्च कार्यवाही में अभी तक आरोपी के यहां से नेहरू वार्ड पृथ्वीपुर सिमरा जेरोन मुख्य मार्ग पर मकान, कृषि भूमि 1.16 एकड़, कृषि भूमि 1 एकड़, कृषि भूमि 2.3 एकड़, एक जेसीबी, दो एक्सयूवी और तीन मोटर साइकिल की जानकारी मिली।

IMG 20221002 WA0006

दूसरे मामले में मंडला के नैनपुर निवासी समिति प्रबंधक गणेश जायसवाल द्वारा वैधानिक स्त्रोतों से प्राप्त आय से लगभग 600% व्यय एवं संपत्ति अर्जित की गई। प्रथम दृष्टया आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिलने पर गणेश जायसवाल एवं इनकी पत्नि अनीता जायसवाल के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की विवेचना EOW निरीक्षक छविकांति आर्मो द्वारा की गई। न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद शनिवार की सुबह आरोपी के निवास स्थान रेलवे स्टेशन कॉलोनी के पीछे नैनपुर एवं आरोपी के इटका स्थित दुकान में सर्च कार्रवाई की गई। सर्च कार्यवाही के दौरान आरोपी के यहां से मंडला में मकान एवं गोदाम क्षेत्रफल 1830 वर्ग फुट, मंडला में दुकान, दो मंजिला मकान, दो फोर व्हीलर, दो टू व्हीलर की जानकारी सामने आई।

तीसरे मामले नैनपुर (मंडला) निवासी समिति प्रबंधक राजू जायसवाल यहाँ सर्च कार्यवाही की गई। जाँच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पाया गया कि आरोपी समिति प्रबंधक राजू जायसवाल द्वारा वैधानिक स्त्रोतों से प्राप्त आय से लगभग 1100% व्यय एवं संपत्ति अर्जित की गई। प्रथम दृष्टया आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य पाए जाने से आरोपी राजू जायसवाल एवं इनकी पत्नि संगीता जायसवाल के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की विवेचना EOW निरीक्षक मोमेन्द्र कुमार निरीक्षक द्वारा की गई। अदालत से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद शनिवार सुबह नैनपुर में सर्च किया गया। जाँच के दौरान आरोपी यहां से नैनपुर में दुकान एवं गोदाम, मकान, मंडला में दुकान एवं गोदाम, 6 जमीनों के दस्तावेज, 3 चार पहिया पिकअप वाहन तथा दो टू व्हीलर की जानकारी मिली।