

EOW Raid : नगर निगम के निलंबित ARO राजेश परमार के 3 ठिकानों पर EOW के छापे!
Indore : आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने इंदौर नगर निगम के निलंबित एआरओ (सहायक राजस्व अधिकारी) राजेश परमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। शुक्रवार सुबह उनके घर और अन्य ठिकानों पर छापा मारा। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई। ईओडब्ल्यू की टीम ने परमार के तीन ठिकानों इंदौर के बिजलपुर स्थित आवास, संचार नगर में पूर्व पत्नी के घर और एक अन्य संपत्ति पर छापामारी की। जब टीम उनके ऑफिस पहुंची तो वह बंद मिला। इसके बाद उनके घर पर दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की गई।
छापेमारी में बड़ी मात्रा में सोना, चांदी और नकदी बरामद हुई, जिसका वजन और मूल्यांकन कराया जा रहा है। इसके अलावा बैंक खातों और लॉकर की जानकारी भी निकाली जा रही है।
बकाया संपत्ति कर में हेराफेरी
राजेश परमार नगर निगम के जोन-16 में एआरओ के पद पर कार्यरत थे। उन पर संपत्ति कर की बकाया राशि को कम दिखाकर नगर निगम को राजस्व हानि पहुंचाने का आरोप है। वे करदाताओं से आंशिक भुगतान लेकर बकाया खाता शून्य कर देता और इसके बदले मोटी रकम वसूलता था। शिकायतों के आधार पर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने कुछ दिन पहले ही उन्हें निलंबित किया था।
बिना अनुमति पांच विदेश यात्राएं
जांच में खुलासा हुआ कि राजेश परमार ने सरकारी नौकरी में रहते हुए बिना अनुमति पांच बार विदेश यात्रा की। इस बारे में भी शिकायत दर्ज की गई थी। दिलचस्प बात यह है कि परमार पहले फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर भी रह चुके हैं। उनकी नगर निगम में भर्ती बेलदार के रूप में हुई थी, लेकिन भ्रष्टाचार से उन्होंने अकूत संपत्ति अर्जित कर ली।
बेनामी संपत्तियों की लिस्ट
– बिजलपुर, इंदौर : 2,600 वर्गफीट का दो मंजिला मकान।
– संचार नगर : एक फ्लैट।
– संपत ग्रीन : 1,600 वर्गफीट का प्लॉट।
– श्री जी वैली : एक फ्लैट।
– पिपल्याहाना : उदयनगर में प्लॉट।
– खुशबू विला : एक फ्लैट।
– सेटेलाइट वैली : एक फ्लैट।
समाचार लिखे जाने तक जांच जारी थी।
ईओडब्ल्यू कार्रवाई की टीम
ईओडब्ल्यू एसपी आरएस यादव के निर्देश पर डीएसपी मधुर वीणा गौड़, नंदिनी शर्मा, पवन सिंघल, आमोद सिंह राठौर, इंस्पेक्टर कैलाशचंद्र पाटीदार, योगेंद्र शर्मा, राजेश साहू, मनीषा शर्मा और संजय मिश्रा की टीम इस कार्रवाई को अंजाम दे रही है। फिलहाल जांच जारी है,और आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं।