EOW Raid : नगर निगम का उद्यान अधिकारी निकला पौने 2 करोड़ का आसामी, EOW के छापे में संपत्ति उजागर!

शिकायत के बाद EOW ने मंगलवार सुबह कार्यालय और घर पर छापेमारी की!

585

EOW Raid : नगर निगम का उद्यान अधिकारी निकला पौने 2 करोड़ का आसामी, EOW के छापे में संपत्ति उजागर!

Indore : नगर निगम में मस्टरकर्मी से उद्यान अधिकारी बनने वाला चेतन पाटील पौने दो करोड़ का आसामी निकला। आय से अधिक सम्पति और भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) ने मंगलवार को उसके कार्यालय और घर पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान कई चल-अचल सम्पत्ति का खुलासा हुआ। पत्नी के नाम भी सम्पत्ति मिली है। नौकरी में अब तक उसका वेतन 15 लाख रुपए आंका गया।

आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक रामेश्वर यादव ने बताया कि वर्ष 2022 में ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर अप्रवासी भारतीय सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इसमें उद्यान विभाग की ओर से 2 करोड़ के पौधे और गमले खरीदना बताया गया। जब इस सामग्री की जांच की गई, तो पता चला कि बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। इसके बाद पूरी खरीदी प्रक्रिया की बारीकी से जांच की गई। जांच में भ्रष्टाचार होने का पता चला।

 

जांच के लिए दो टीमें बनाई 

शिकायत के बाद कार्रवाई करने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दो टीमें गठित की गई। एक टीम ने निगम की तीसरी मंजिल स्थित अधिकारी चेतन पाटील के ऑफिस, दूसरी टीम ने बाणगंगा थाना अंतर्गत ग्राम भानगढ़ की गुलमोहर ग्रीन कॉलोनी स्थित घर पर छापा मारा। एक साथ दोनों जगह टीमें सुबह 7 बजे पहुंची। अचानक हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया।

 

मस्टरकर्मी से अधिकारी तक का सफर

चेतन पाटील की नियुक्ति विधानसभा-2 के जनप्रतिनिधियों ने जनकार्य विभाग में मस्टरकर्मी के रुप में कराई थी। यहां से पाटील को जोन क्रमांक-7 का जोनल अधिकारी बना दिया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों की पार्टी में भी वह शामिल रहा। झोनल अधिकारी के बाद उद्यान विभाग में सेवाएं दे रहा है। सूत्र बताते हैं कि पेड़ कटाई की अनुमति, पौधारोपण कार्यक्रम में बगैर लेनदेन अधिकारी काम नहीं करता है।

 

भाई था कालोनी सेल में

चेतन जब जोनल अधिकारी था, तब उसका भाई नवनीत निगम के कॉलोनी सेल में बतौर इंजीनियर पदस्थ रहा। इस दौरान नक्शा संबंधी आवेदनों की फीस जनरेट करने, आगे बढ़ाने के काम में खूब चांदी काटता रहा।

IMG 20250618 WA0022

ईओडब्ल्यू को यह संपत्ति मिली

– भानगढ़ में गुलमोहन ग्रीन कॉलोनी में भूखंड क्रमांक 14 एवं 110 कीमत 28 लाख 60 हजार रुपए।

– भूखंड क्रमांक 14 में जी प्लस 2 का भवन 42 लाख रुपए का।

– भानगढ़ गुलमोहर ग्रीन कॉलोनी के भूखंड क्रमांक 103 पर खर्च 11 लाख 60 हजार रुपए।

– एक स्कूटी 52 हजार रुपए, महंगी बाइक।

– मां शोभा बाई के बैंक खाते में जमा राशि 40 लाख 33 हजार 100 रुपए।

– सोने के जेवरात 20 लाख के।

– नकद राशि एक लाख 14 हजार।

– 17 बीमा पालिसी 25 लाख की।

– घर में 13 लाख के एसी और अन्य सामान।

अनुमानित संपति एक करोड़ 74 लाख 92 हजार 650 रुपए, जो आय से 175% अधिक है।