

EOW Raid : बिजली कंपनी के EE के घर EOW का छापा, 5.5 करोड़ की अघोषित संपत्ति मिली!
Narsinghpur : जबलपुर के आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने शनिवार को बिजली कंपनी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (EE) उमाशंकर पाराशर के 4 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जबलपुर से आई EOW की 15 सदस्यीय टीम ने नरसिंहपुर, आमगांव के पास बीनेर ग्राम और निवारी गांव में स्थित ठिकानों पर जांच की। पुलिस ने भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कर लिया है। बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।
इंजीनियर उमाशंकर पाराशर की पत्नी के नाम पर करोड़ों की 2 फैक्ट्रियां होने का खुलासा हुआ। कई बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले। उमाशंकर पाराशर वर्तमान में कटनी के सिटी डिविजनल ऑफिस में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (EE) हैं। वे पहले नरसिंहपुर में विजिलेंस विभाग में थे। एक साल पहले ही उनका तबादला कटनी हुआ था। टीम को घर और फैक्ट्री से 5.5 करोड़ की प्रॉपर्टी मिली। 9 बैंक खाते भी मिले हैं। 5 फोर व्हीलर के साथ एक बाइक भी जब्त की गई।
तीन मकान, केमिकल और वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट
EOW के डीएसपी एबी सिंह के मुताबिक शुरुआती जांच में पाराशर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के सबूत मिले हैं। सर्च कार्यवाही के दौरान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नरसिंहपुर में करीब डेढ़ करोड़ रुपए के 2 आलीशान मकान मिले। एक तीन मंजिला तो दूसरा दो मंजिल का है। साथ ही ग्राम-बीनैर (निवारी), तहसील-करेली, जिला नरसिंहपुर में कॉमन बायो केमिकल वेस्ट फैक्ट्री पाई गई। इसकी कीमत लगभग 3.0 करोड़ रुपए है। ये प्लांट पत्नी के नाम पर हैं। यहां से 60 लाख कीमत के 6 वाहन भी जब्त किए गए।
संपत्तियों का आकलन जारी
EOW के अधिकारियों का कहना है कि जांच टीम ने मकानों, फैक्ट्रियों और अन्य ठिकानों से दस्तावेज, संपत्ति विवरण और लेन-देन से जुड़े अहम कागजात जब्त किए गए हैं। सभी संपत्तियों का आकलन कर सूची तैयार की जा रही है। टीम को सोने-चांदी के 18,16,955 रुपए के जेवर मिले हैं।