इस आम चुनाव पर सबकी नजर है…

इस आम चुनाव पर सबकी नजर है…

विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में चुनावी पर्व का कार्यक्रम घोषित हो गया है। देश में सात चरणों में होने वाले चुनावों में 97 करोड़ के लगभग मतदाता मतदान करेंगे। मध्यप्रदेश में 4 चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई और 13 मई को चुनाव होंगे। मध्यप्रदेश में हर चुनाव की तरह इसमें भी भाजपा – कांग्रेस आमने-सामने हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का मानना है कि चुनाव के लायक वातावरण बनाने में सरकार समाज की सेवा करते-करते जनता का दिल कैसे जीती है, जैसे मोदी जी जीत रहे हैं। यानि कि भाजपा सरकार और संगठन दोनों मैदान में हैं, तो कांग्रेस संगठन के कंधों पर पूरी जिम्मेदारी है। भाजपा कैडर बेस पार्टी है और संगठनात्मक क्षमता के मामले में कांग्रेस से ज्यादा मजबूत है। विष्णु दत्त शर्मा की संगठनात्मक क्षमता भी बेहतर है। प्रदेश अध्यक्ष के पद पर भी उनकी चार साल की पारी उपलब्धियों के लिहाज से बेमिसाल रही है। तो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी अपने पहले कार्यकाल में एक कुशल संगठक के रूप में स्थापित होने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा चार सौ पार और मोदी गारंटी की बात करते हैं तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी गारंटी का हिसाब मांगने और इस चुनाव के बहुत खास परिणाम को लेकर आशान्वित हैं।
डॉ मोहन यादव कहते हैं कि कांग्रेस लगातार वो रॉकेट लॉन्च कर रही, जो कभी गंतव्य तक पहुंचता ही नहीं। कांग्रेस में नेतृत्व की ही कमजोरी है, कांग्रेस लगातार वो रॉकेट लॉन्च कर रही, जो कभी गंतव्य तक पहुंचता ही नहीं है। पहले वो विचार कर लें कि किसको लॉन्च करना है, जब उनका लीडर चुनाव को गंभीरता से नहीं लेते, कार्यकर्ताओं का मान सम्मान नहीं होता, उनके पार्टी के वरिष्ठ लोगों की जिस ढंग से बेइज्जती हो रही है। मैं  उम्मीद करता हूं कि कांग्रेस अपने गिरेबान में झांकेगी और भाजपा से सबक लेगी कि कार्यकर्ताओं की इज्जत कैसे करते हैं, चुनाव को कितनी गंभीरता से लेते हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि अच्छे कामों के भरोसे से मोदी जी फिर इस बार भाजपा 370 और एनडीए 400 पार सीटें लेकर रिकॉर्ड बनाएगी। तो मध्यप्रदेश में अबकी बार 29 की 29 सीटें मिल रही हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा की सोच है कि भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के 64523 बूथों पर चुनाव के लिए तैयार हैं। मध्यप्रदेश में ज्यादा से ज्यादा मतदान भी होगा और जनता के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी सभी 29 सीटें जीतकर नया इतिहास रचेगी। देश और प्रदेश की जनता एवं पार्टी कार्यकर्ता ‘‘4 जून को 400 पार फिर एक बार मोदी सरकार’’ को चरितार्थ करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश में चार चरणों में होने वाले चुनावों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की गारंटी के साथ उतरेगी और महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हमारा प्रयास होगा कि प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा मतदान हो और अधिक से अधिक लोग आजादी के अमृतकाल में हो रहे इस चुनाव में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने हमें हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने का लक्ष्य दिया है। श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने के लिए आंदोलन किया और उन्होंने अपना बलिदान तक दे दिया। इसलिए हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाकर डॉ. मुखर्जी जी को सच्ची श्रद्धांजलि देंगे।
तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मतदाताओं को जागरूक कर रहे हैं कि चुनाव आयोग ने आम चुनाव की घोषणा की है। मप्र में 4 चरणों में वोटिंग होगी, लेकिन यह चुनाव ‘आम’ नहीं है। इस चुनाव में फैसला होगा कि यह देश बाबा साहेब के संविधान पर चलेगा या एक तानाशाह के गुणगान पर चलेगा। मजदूर, किसान, मध्यमवर्गीय लोगों के कंधे पर चलेगा या चुनिंदा पूंजीपतियों के कंधे पर चलेगा। मेरा सभी देशवासियों से अनुरोध है कि भारतीय जनता पार्टी ने पिछले 10 सालों में जो डबल इंजन के नाम पर झूठे दावे और वादे किए हैं उनका हिसाब भाजपा के जनप्रतिनिधियों से ज़रूर लें एवं मप्र के सभी मतदाता प्रदेश सरकार से जो मोदी गारंटी भाजपा ने दी थी, वो कितनी पूरी हुई, उसके प्रमाण ज़रूर माँगें।  आइयें, हम सभी एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते लोकतंत्र के इस महापर्व में सजगता से ज़िम्मेदारी का निर्वहन करें।
तो मध्यप्रदेश में यह आम चुनाव बहुत ही खास संदेश देने वाला है। यह संकेत करेगा कि भाजपा और कांग्रेस में से फिलहाल वह किससे साथ है। यह बताएगा कि मोदी और मोहन-विष्णु मतदाताओं की पसंद हैं या फिर राहुल और जीतू।  फिलहाल तो इस आम चुनाव पर सबकी नजर है…।
Author profile
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।