EVM theft allegation : समाजवादी पार्टी ने EVM चोरी का आरोप लगाया, DM ने सफाई दी

DM ने कहा 'ये EVM मतगणना से पहले कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल की जाने वाली!'

1125

Varanasi : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मतदान के अंतिम चरण के बाद अब आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। ऐसे में समाजवादी पार्टी (SP) ने EVM बदले जाने के आरोप लगाकर मामला गरमा दिया। SP ने चुनाव पर्यवेक्षक को 4 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है। SP ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर वाराणसी के DM और कमिश्नर को हटाने की मांग की।
वाराणसी में EVM मिलने का मामला सामने आया था। इसके बाद सड़क पर उतरे SP समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में फोर्स तैनात कर दी गई है। सभी चौराहों पर पुलिस के जवान तैनात हैं। SP का आरोप है कि वाराणसी में 3 ट्रक EVM की अफरा-तफरी हुई, जिसमें से एक ट्रक SP कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया।
समाजवादी पार्टी (SP) के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने EVM को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि बिना सुरक्षाबलों के ईवीएम मशीनों (EVM Machines) को ले जाया जा रहा है। मशीनों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने की जानकारी भी प्रत्याशियों को नहीं दी जा रही। उन्होंने सवाल किया है कि क्या वोटों की चोरी की जा रही है? अखिलेश ने चुनाव आयोग (Election Commission) पर भी कई गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि आयोग के अधिकारियों पर उन्हें भरोसा नहीं है।

अखिलेश ने कहा कि बिना उम्मीदवार की जानकारी के आप EVM को एक जगह से दूसरी जगह नहीं ले जा सकते हैं। सुरक्षाबलों के साथ EVM मशीनें क्यों नहीं ले जाई जा रही! अखिलेश ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि उन्हें चुनाव आयोग के अधिकारियों पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र का आखिरी चुनाव है। इसके बाद तो जिस तरह से आजादी के लिए लड़ाई लड़ी गई थी, उसी तरह से हमें और आपको क्रांति करनी पडे़गी। मैं अपने नौजवानों से अपील करूंगा कि जहां किसान इतने साल बैठे रहे, तब सरकार झुकी। कम से कम तीन दिन लोकतंत्र के अखंड प्रहरी बनकर EVM बचाएं और चुनाव को बचाएं।

डीएम ने दिया स्पष्टीकरण
वाराणसी में गाड़ी में EVM मशीनें पकडे जाने के बाद SP के कार्यकर्ताओं ने जमकर। मामला गरमाता देखकर DM कौशल राज ने स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि ये EVM मशीनें चुनाव में प्रयोग की गई मशीनें नहीं हैं। बल्कि 10 मार्च को होने वाली मतगणना से पहले कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल की जाने वाली हैं। उन्होंने SP कार्यकर्ताओं के आरोपों को गलत बताया है।

EVM पर सवाल क्यों उठाया
मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने UP विधानसभा चुनाव के मतदान के बाद SP के EVM पर सवाल उठाने पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जब कोई EVM पर सवाल उठाने लगे, तो मान लीजिए कि उसकी हार निश्चित है। EVM पर सवाल उठाने वाले कृपया लोकतंत्र में विश्वास करना और जनादेश का सम्मान करना सीखें।

यहाँ EVM मामला उठा
बरेली में भी EVM ले जाने का मामला पकड़ा गया। अखिलेश यादव का आरोप है कि नगर कचरा गाड़ी से EVM पकड़ी गई। यहाँ पुलिस और SP कार्यकर्ताओं में नोकझोंक, SP उम्मीदवार डॉ मनोज कुमार पांडेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों पर आरोप लगाया और खुद EVM सुरक्षा की जिम्मेदारी ली। ITI कॉलेज में देर रात तक सपाइयों का जमावड़ा लगा रहा।
बहराइच में SP कार्यकर्ताओं ने स्ट्रांग रूम की निगरानी बढ़ा दी। SP के जिला अध्यक्ष भी गल्ला मंडी स्थित स्ट्रांग रूम पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से EVM की निगरानी बढ़ाने का आह्वान किया। बरेली, वाराणसी, सोनभद्र मामले पर SP ने BJP की घेरेबंदी की।
मुरादाबाद में SP के जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ता EVM की रखवाली के लिए मंडी समिति पहुंचे। मुरादाबाद मंडी समिति में तक SP कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। मंडी समिति में EVM का स्ट्रांग रूम बनाया गया है।
संभल में भी दर्जनों SP कार्यकर्ता EVM स्ट्रांग रूम पहुंचे और EVM की सुरक्षा पर संदेह जताया। सपाइयों के पहुंचने पर पुलिस फोर्स भी अलर्ट हुई। यहाँ बहजोई में EVM स्ट्रांग रूम बनाया गया है। सपाइयों ने खुद EVM की सुरक्षा का जिम्मा संभाला है।