
Excellent Initiative of MP CM Dr Mohan Yadav: बेटे की शादी 21 जोड़ों के सामूहिक सम्मेलन में आज, उज्जैन से जाएगा नया सामाजिक संदेश
उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार चर्चा किसी प्रशासनिक या राजनीतिक वजह से नहीं बल्कि एक ऐसी पहल की है, जिसने पूरे प्रदेश में सादगीपूर्ण विवाह की मिसाल पेश कर दी है।

सीएम के छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु यादव और डॉ. ईशिता पटेल का विवाह रविवार, 30 नवंबर को शिप्रा तट पर सामूहिक विवाह सम्मेलन में होने जा रहा है। बीस अन्य जोड़ों के साथ अभिमन्यु और ईशिता भी सात फेरे लेंगे और यह आयोजन समाज में फैलते फिजूलखर्ची के चलन पर एक मजबूत चोट के रूप में देखा जा रहा है।

*▪️सादगी में समाई भव्यता, केवल 12 रुपए का कार्ड बना चर्चा का केंद्र*

▫️जहां आजकल विवाह कार्ड 100 से लेकर 1000 रुपए तक के महंगे डिजाइनों के ट्रेंड में हैं, वहीं सीएम के बेटे की शादी का निमंत्रण पत्र सादगी का प्रतिक बनकर उभरा है। केवल 12 रुपए की लागत वाला यह कार्ड अपनी सरल डिजाइन और संदेशात्मकता की वजह से हर तरफ चर्चा में है। कार्ड के बाईं ओर विनम्रता के साथ सामाजिक आमंत्रण लिखा है, जबकि दाईं ओर सभी 21 जोड़ों के नाम प्रकाशित हैं। सबसे ऊपर अभिमन्यु और ईशिता का नाम, उसके बाद सम्मेलन में विवाह करने वाले अन्य 20 जोड़ों की सूची शामिल है। कार्ड पर स्पष्ट लिखा है: उपहार न लाएं।
विशेष बात यह है कि इस विवाह में न तो लक्जरी होटल है, न कोई भव्य पैकेज। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूरा समारोह सामूहिक विवाह सम्मेलन का हिस्सा होगा। नवविवाहित जोड़ों को समाज की ओर से सोने-चांदी के जेवर, बाइक और अन्य आवश्यक उपहार प्रदान किए जाएंगे। इस पहल से सीएम मोहन यादव ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि शादी का महत्व खर्च में नहीं, बल्कि संस्कार में है।

*▪️VVIP मेहमानों की उपस्थिति से बढ़ेगी गरिमा*
▫️उज्जैन में होने जा रहे इस सामाजिक आयोजन में 30 VVIP शामिल हो रहे है। इनमें कई मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और राज्यपाल है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस समारोह के लिए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान बिहार, आचार्य देवव्रत गुजरात, बंडारू दत्तात्रेय हरियाणा, थावरचंद गेहलोत कर्नाटक, लॉस एंजिल्स नागालैंड, डॉ. हरीबाबू कंभमपाटि ओडिशा, गुलाबचंद कटारिया पंजाब, हरिभाऊ किशनराव बांगड़े राजस्थान, आनंदीबेन पटेल उत्तरप्रदेश और इनके साथ ही 11 राज्यों के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली, पेमा खांडू अरुणाचल प्रदेश, हिमंत बिस्वा सरमा आसाम, नीतिश कुमार बिहार, विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़, प्रमोद सावंत गोआ, भूपेंद्र पटेल गुजरात, मोहन चरण मांझी,हरियाणा,नायब सिंह सैनी ओडिशा, भजनलाल शर्मा राजस्थान, योगी आदित्यनाथ उत्तरप्रदेश भी शामिल होंगे।
केंद्र सरकार के भी कुछ वरिष्ठ मंत्रियों के आने की सूचना मिल रही है, साथ ही कई राज्यों के उपमुख्यमंत्री भी इस विवाह समारोह में शामिल होंगे।
मध्य प्रदेश से राज्यपाल मंगुभाई पटेल, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में आमंत्रित अतिथि इस सादगीपूर्ण विवाह के साक्षी बनेंगे। पूरी राज्य कैबिनेट को भी निमंत्रण भेजा गया है।

*▪️पुश्तैनी घर में हुई रस्में, सादगी की वही परंपरा*
▫️शुक्रवार और शनिवार को उज्जैन की गीता कॉलोनी स्थित सीएम के पुश्तैनी घर में सभी वैवाहिक रस्में हुई। इसमें सीएम की पत्नी सीमा यादव, परिजन, रिश्तेदार, पड़ोसी और ईष्ट-मित्र शामिल हुए। पूरे आयोजन में कोई दिखावा नहीं, बल्कि परंपरा और सरलता मुख्य आधार रखे गए हैं।

*▪️सामाजिक संदेश के रूप में उभर रहा यह आयोजन*
▫️आज जब शादियां दिखावे और प्रतियोगिता में बदल रही हैं, लाखों-करोड़ों के पैकेज, भव्य वेन्यू और महंगे कार्ड एक प्रतिष्ठा का पैमाना बन गए हैं, ऐसे माहौल में मुख्यमंत्री का यह निर्णय समाज को संयम, सरलता और संतुलन का मूल्य समझाने वाला है। सामूहिक विवाह के मंच पर बेटे की शादी करना न केवल एक साहसिक उदाहरण है, बल्कि उस समाज के लिए प्रेरक मॉडल भी है जो परंपराओं से दूर होकर आडंबर की ओर बढ़ रहा है।
📍उज्जैन में रविवार को होने वाला यह आयोजन न सिर्फ 21 जोड़ों के लिए शुभ मौका होगा बल्कि प्रदेश में सादगीपूर्ण शादियों की नई सोच को भी मजबूत करेगा।





