एफ-5…जिंदगी का रिफ्रेश बटन…

35

एफ-5…जिंदगी का रिफ्रेश बटन…

कौशल किशोर चतुर्वेदी
इस पुस्तक के द्वारा फोटो ग्राफिक लेंस की तरह ज्ञान का प्रकाश मन के अंदर प्रवेश कर रहा है। आधुनिक युग में ये 5 बटन ही जीवन के आधार हैं। रिफ्रेश बटन अपडेट करने के लिए है। जिसका एड्रेस चेंज नहीं होता। अल्टर स्वयं में शून्य है जो दिखाई नहीं देता पर वह सबसे ताकतवर की है।
वरिष्ठ राजस्व अधिकारी संजय अग्रवाल की दूसरी किताब एफ-5 , जिंदगी का रिफ्रेश बटन के विमोचन कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व आईएएस, रिटायर्ड अपर मुख्य सचिव एवं राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने यह उद्गार व्यक्त किये।
लेखक संजय अग्रवाल के प्रेरणात्मक विचारों पर आधारित 365 डिग्री के बाद, एफ-5 उनकी दूसरी पुस्तक है, जिसका प्रकाशन अराइजिंग मीडिया एंड एंटरटेनमेंट नागपुर द्वारा किया गया है। एफ-5 एक ऐसी पुस्तक है जो औपचारिक भूमिका की सीमाओं को तोड़ देती है। यह झरने की तरह अविराम ऊर्जा के साथ बहती है और पाठक को तुरंत अपने मूल संदेश के केंद्र में ले जाती है – कि कैसे अपने स्वभाव और व्यवहार में किए गए छोटे छोटे बदलाव पूरे जीवन को बदलने की शक्ति रखते हैं। यह आंतरिक बदलाव की प्रक्रिया के माध्यम से व्यक्तिगत संबंधों में गहरी खुशी लाने का संदेश देती है और पेशेवर सफलता की ओर साहसिक नए मार्ग प्रशस्त करती है।पुस्तक का शीर्षक एफ-5 स्वयं कंप्यूटर की ‘रिफ्रेश’ कुंजी की ओर संकेत करता है,जो इसके केंद्रीय विचार को स्पष्ट करता है। पुस्तक बताती है कि वास्तविक विकास, संतुष्टि और उपलब्धि के लिए अपने जीवन में ‘रिफ्रेश’ करना आज की अनिवार्य आवश्यकता है। इसी विचार के अनुरूप, पुस्तक की सामग्री को चार खंडों में विभाजित किया गया है, जिनके नाम परिचित कंप्यूटर कुंजियों पर आधारित हैं। ये खंड पाठक को नवचेतना और आत्म-नवीनीकरण की यात्रा पर मार्गदर्शन करते हैं। अल्ट (विकल्प) खंड रचनात्मक विकल्पों पर केंद्रित है, जो पाठक को बेहतर निर्णय पहचानने और उन्हें अपनाने में मदद करता है, ताकि जीवन और संबंधों की गुणवत्ता सुधारी जा सके। कंट्रोल (नियंत्रण) खंड आत्म-नियंत्रण के लिए प्रेरित करता है और इस बात पर ज़ोर देता है कि दूसरों पर प्रभुत्व जमाने के बजाय अपने कर्मों और प्रतिक्रियाओं पर नियंत्रण ही सच्ची शक्ति है। एस्केप (छुटकारा) खंड रणनीतिक दूरी बनाने को प्रोत्साहित करता है और प्रतिकूल परिस्थितियों तथा परेशान करने वाले या विषाक्त लोगों के प्रभाव से बाहर निकलने के व्यावहारिक उपाय प्रदान करता है। एंटर (प्रवेश) अंतिम खंड व्यापक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा देता है, जहाँ पाठक को अहंकार की सीमाओं-“मैं, मेरा, मुझे”- से आगे बढ़कर दुनिया से अधिक गहराई और सक्रियता के साथ जुड़ने की चुनौती दी जाती है।
रविवार 1 मार्च 2026 को सुभाष स्कूल के सभागार में पुस्तक के विमोचन के पश्चात किताब का परिचय देते हुए
सुहास मिश्रा ने कहा संजय अग्रवाल को एक्सप्लेन करना और किताब को एक्सप्लेन करना एक ही बात है। सहज सरल और हवा के झोंके की तरह। सुहास मिश्रा की यह बात बिल्कुल सही ही है। पुस्तक और लेखक दोनों की
गंभीरता का पता इस बात से लग जाता है। पुस्तक को पढ़कर और लेखक से मिलकर इसकी अनुभूति भी की जा सकती है। कमल चंद्रा ने किताब के विभिन्न अंशों को पढ़ कर उनकी व्याख्या की और उनकी प्रशंसा की। संजय मेहता ने अपने उद्बोधन में किताब की भाषा शैली की तारीफ करते हुए क्लिष्ट की जगह आसान भाषा का प्रयोग जो बिना किसी पूर्वाग्रह के लोगों को पढ़ने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने एफ-5 बटन को 5 इंद्रियों से परिभाषित किया। डॉ सुधीर आजाद ने किताब की प्रशंसा करते हुए कहा कि किताब में रिश्ते हैं और उनके बीच में संवाद है और समाधान है और यही किताब की कामयाबी है।
पुस्तक को पढ़कर एफ-5…जिंदगी का रिफ्रेश बटन… भाव की सार्थकता को
जीवन में उतारा जा सकता है। संजय अग्रवाल जीवन को सकारात्मक भाव के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरणादायी संवाद में भरोसा रखते हैं और उनकी यही सोच शब्दों के रूप में पुस्तक बनकर आम आदमी को नई ऊर्जा और जीवन की सकारात्मकता से भर देती है। यही कहा जा सकता है कि एक बार किताब पढ़कर जीवन में इसके महत्व को महसूस किया जा सकता है। एफ-5 कुंजी कम्प्यूटर में रिफ्रेश बटन का उपयोग करती है तो एफ-5 पुस्तक…जिंदगी का रिफ्रेश बटन बनकर हम सभी को एक सार्थक दिशा देने में सक्षम है…।
लेखक के बारे में –
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।
वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।
blocked