Fake Bride : फेरे होने वाले थे कि पंडित ने दुल्हन की पोल खोल दी!

दुल्हन के घरवाले फरार, लड़के वालों के होश उड़े

1374

Ferozepur : यहां एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। एक दुल्हन की पोल उस वक्त खुल गई, जब शादी करवाने आए पंडित ने उससे आधार कार्ड दिखाने को कहा। दरअसल, एक मंदिर में शादी चल रही थी, उसी दौरान पंडित ने जब दुल्हन का आधार मांगा तो उन्होंने कहा कि कल इसी ID वाली लड़की की शादी करवा चुका हूं। पंडित ने दुल्हन से दूसरी ID मांगी तो दुल्हन के साथ आए फर्जी रिश्तेदार वहां से रफूचक्कर हो गए. सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दुल्हन व कुछ अन्य लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

दर्शना निवासी फतेहाबाद (हरियाणा) ने पुलिस को बताया कि वे बेटे रवि कुमार की शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहे थे। उनके दामाद तिलक राम ने बताया कि लड़की फिरोजपुर की रहने वाली है, उससे रिश्ता करवा देते हैं। आरोपी ओम प्रकाश ने उसे कॉल करके लड़की के रिश्ते के संबंध में बातचीत की। लड़की का फोटो भेजा, जो पसंद आई तो उन्होंने बेटे रवि की शादी के लिए हां कर दिया।

दर्शना अपने रिश्तेदारों के संग फिरोजपुर (पंजाब) आ गई। वहां तारा अरोड़ा नाम की लड़की से मिले, उन्हें अच्छी लगी। वह छावनी बस अड्डे के नजदीक मंदिर में शादी रचाने लगे। इस दौरान मंदिर के पुजारी ने लड़की का पहचान पत्र मांग लिया, जब उसने पहचान पत्र देखा तो उसने कहा कि कल ही इसी पहचान पत्र से शादी करवाई है। यह सुनते ही वहां बैठे सभी लोग हैरान हो गए।

पोल खुलने लगी वैसे ही वहां बैठे आरोपी धीरे-धीरे खिसकने लगे। देखते ही देखते दुल्हन समेत सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। पता चला कि ये गिरोह जाली पहचान पत्रों पर शादी करवाकर लड़के वालों को लूटते हैं। थाना कैंट पुलिस ने दर्शना के बयान पर आरोपी ओम प्रकाश निवासी अंबाला, वीना शर्मा निवासी हाउसिंग कॉलोनी अंबाला, नेहा निवासी अंबाला, दुल्हन तारा अरोड़ा, दीप व मीत अरोड़ा निवासी खिलचियां जिला फिरोजपुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।