Fear of NOTA Record : इंदौर के चुनाव में ‘नोटा’ बटन दबाने का रिकॉर्ड बनने का अंदेशा!

उम्मीदवार के बाहर होने के बाद कांग्रेस अभियान चला रही, मतदाता भी नाराज!

851

Fear of NOTA Record : इंदौर के चुनाव में ‘नोटा’ बटन दबाने का रिकॉर्ड बनने का अंदेशा!

Indore : इंदौर लोकसभा क्षेत्र में 13 मई को वोटिंग होना है। इस बार के उठा पटक भरे माहौल में नया रिकॉर्ड बनने की संभावना है। यह रिकॉर्ड और कुछ नहीं, बल्कि सबसे अधिक बार ‘नोटा’ बटन दबाए जाने का हो सकता है। अंतिम समय में भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस प्रत्याशी के कारण भी यह चुनाव चर्चाओं में बन गया है।

कांग्रेस भी अब नोटा बटन दबाए जाने के लिए अभियान चला लोगों से अपील कर रही है। जानकारों की मानें तो पिछले लोकसभा चुनाव में सबसे कम बार नोटा का बटन दबाया गया था, वहीं इस बार नोटा बटन सबसे अधिक बार दबाए जाने का भी रिकॉर्ड बनने की संभावना है। खैर कुछ भी हो यह तो लोकसभा चुनाव की वोटिंग की काउंटिंग के बाद ही सामने आएगा कि वास्तविकता क्या है।

चर्चाओं पर गौर किया जाए तो जनता का मन इस बार कुछ अलग दिखाई दे रहा है। हालांकि, जनमानस का यह भी कहना है कि भाजपा की जीत में कोई अंदेशा नहीं था। लेकिन, कांग्रेस उम्मीदवार के एन वक्त पर भाजपा में शामिल होने को लेकर भी लोगों की मिश्रित प्रतिक्रिया सामने आई। लोगों का कहना है कि भाजपा के लिए रिकार्ड मतों से जितना कोई मुश्किल नहीं था। इसके बाद भी कांग्रेस प्रत्याशी को जिस तरह भाजपा में शामिल किया गया, इसकी कोई जरूरत ही नहीं थी।

आम लोगों की प्रतिक्रिया भी पक्ष में नहीं 

लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक वोटिंग को लेकर प्रशासन अभियान चला रहा है। लोगों को जागरूक करने के लिए तरह-तरह के प्रयास भी किए जा रहे हैं। लेकिन, इस बार बम्पर वोटिंग होने की संभावना नहीं है। जो राजनीतिक घटनाक्रम हुआ है उसे लेकर अब लोगों द्वारा मिश्रित प्रतिक्रिया दी जाने लगी है। लोगों का कहना यही है कि भाजपा वैसे ही रिकॉर्ड मतों से जीत सकती थी। इसके बावजूद जो किया गया वो लोकतांत्रिक रूप से सही नहीं है।