
FIR Against Teacher Who Leaked Paper : सागर कलेक्टर के निर्देश पर 5वीं और 8वीं के पेपर लीक करने वाले शिक्षक पर FIR दर्ज!
Sagar : कलेक्टर के निर्देश पर कक्षा 5वीं और 8वीं के प्रश्न पत्रों को व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल करने वाले प्राथमिक शिक्षक पुरुषोत्तम पटेल पर एफआईआर दर्ज की गई है। कलेक्टर संदीप जीआर के निर्देश पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) व मध्यप्रदेश मान्यता प्राप्त परीक्षाएं अधिनियम की धारा 3a/4 व 3बी4 के तहत प्रकरण दर्ज करने की कार्यवाही की गई है। इसके अलावा कलेक्टर ने तीन सदस्यीय जांच समिति भी गठित की, जो पूरे मामले की बिन्दुवार जांच कर जो भी दोषी हों उनके संबंध में तत्काल प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी।
घटना की विस्तृत जांच के लिए गठित समिति में डॉ रेणु परस्ते, प्रभारी सहायक संचालक कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी सागर, मनोज तिवारी, प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी विकासखंड सागर तथा अनिरुद्ध डिम्हा, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक जनपद शिक्षा केन्द्र सागर शामिल हैं।
25 फरवरी को पुरुषोत्तम पटेल (सहायक शिक्षक शाप्राशा बेरसला ढाना विकासखंड सागर) द्वारा वार्षिक परीक्षा 2024-25 कक्षा-5वीं और 8वीं के प्रश्नपत्रों को व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल किया गया था। इस कारण से विभाग, शासन प्रशासन की छवि धूमिल हुई। प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने पर सहायक शिक्षक पुरुषोत्तम पटेल को पहले से ही निलंबित किया जा चुका है।





