First in MP: महिलाओं द्वारा हैंडलूम कैफे का संचालन,टूरिज्म बोर्ड ने चंदेरी के प्राणपुर गांव में शुरू किया है कैफे

145

First in MP: महिलाओं द्वारा हैंडलूम कैफे का संचालन,टूरिज्म बोर्ड ने चंदेरी के प्राणपुर गांव में शुरू किया है कैफे

भोपाल: अशोकनगर जिले में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चंदेरी से 4 किलोमीटर प्राणपुर को म.प्र. टूरिज्म बोर्ड द्वारा देश के पहले क्राफ्ट हैंडलूम टूरिस्ट विलेज के रूप में विकसित किया गया है। अब यहां पर्यटकों के लिये हैंडलूम कैफे तैयार किया गया है। कैफे की खास बात यह है कि इसे पूरी तरह से महिलाओं द्वारा संचालित किया जा रहा है, जो म.प्र. में अपने ही आप में पहला कैफे होगा।

यह कैफे महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने और सुरक्षित पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह अनूठा कैफे पूरी तरह से महिलाओं द्वारा चलाया जाएगा है, जिसमें सुरक्षा गार्ड और स्वागत स्टाफ से लेकर शेफ, और यहां तक कि रिसेप्शनिस्ट, कैशियर और फ्रंट आॅफिस मैनेजर जैसे प्रबंधकीय पद भी महिलाओं द्वारा संभाले जाएंगे। कैफे के सफल संचालन के लिए सभी महिलाओं को इंस्टीट्यूट आॅफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) भोपाल में विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया गया है।

संचालन के लिए महिलाओं के समूह को सखी सहेली लोक कल्याण संघ के रूप में पंजीकृत किया गया है। टूरिज्म बोर्ड की अपर प्रबंध संचालक बिदिशा मुखर्जी ने प्राणपुर में ‘हैंडलूम कैफे’ की व्यवस्थाएं देखीं और महिला कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया।

यह परियोजना इन महिलाओं को न केवल रोजगार पाने का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए आवश्यक कौशल, आत्मविश्वास और वित्तीय स्वतंत्रता प्रदान करेगी। साथ ही यह प्रयास महिला पर्यटकों के लिये एक सुरक्षित व समावेशी वातारवरण को बढ़ावा देने के राज्य के व्यापक मिशन को दशार्ता है। महिलाओं द्वारा संचालित यह कैफे आगंतुकों को मध्य प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और प्रगतिशील दृष्टिकोण की भावना को दशार्ते हुए एक अनूठा एवं अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करेगा।