Flight Cancel : इंदौर से जाने वाली 5 उड़ान निरस्त, बुकिंग करवा चुके यात्री परेशान

गुरुवार को भी इंदौर से जाने वाली आठ उड़ानें निरस्त हुई

786

Flight Cancel : इंदौर से जाने वाली 5 उड़ान निरस्त, बुकिंग करवा चुके यात्री परेशान

Indore : यात्रियों की घटती संख्या के कारण देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ानों के निरस्त होने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह भी इंदौर से जाने वाली पांच उड़ान निरस्त हो गई। गुरुवार को भी इंदौर से जाने वाली आठ उड़ानें निरस्त हुई थी। आज निरस्त उड़ानों में मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ की कुल पांच उड़ानें शामिल हैं। इन उड़ानों के निरस्त होने से इनमें बुकिंग करवा चुके यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

देशभर में बढ़ते कोरोना के मामलों के चलते अब लोग यात्रा करने से बच रहे हैं। इसके कारण हवाई यात्रियों की संख्या में भी लगातार गिरावट आ रही है। इसके चलते एयरलाइंस लगातार अपनी उड़ानों को निरस्त करते हुए नुकसान से बचने की कोशिश कर रही है। आज सुबह भी इंडिगो एयरलाइंस ने इंदौर से कुल पांच उड़ानों को निरस्त किया। इनमें सुबह 5.40 बजे मुंबई जाने वाली उड़ान, 6.55 बजे लखनऊ और 7.05 बजे बेंगलुरु जाने वाली उड़ान के साथ सुबह 8.35 बजे बेंगलुरु से आने वाली उड़ान और 9.05 बजे मुंबई से आने वाली उड़ानें शामिल हैं।

Also Read: एमपी कोरोना अपडेट: इंदौर, ग्वालियर और सागर में मामले बढ़े, जबलपुर और भोपाल में मामलों में थोड़ी कमी आई 

निरस्त होने वाली उड़ानों की संख्या आगे और बढ़ सकती है। गुरुवार को भी इंदौर से आठ उड़ानें निरस्त हो गई थी। एयरलाइंस के अधिकारियों का कहना है कि जिन उड़ानों को निरस्त किया जा रहा है उनकी जानकारी यात्रियों को दी जा रही है। साथ ही ऐसे यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में शिफ्ट किया जाता है। वहीं उन्हें रिफंड और आगे की बुकिंग का विकल्प भी दिया जा रहा है, लेकिन जिन यात्रियों की आगे की कनेक्टिंग फ्लाइट है उन्हें ये सारे विकल्प काम नहीं आ रहे हैं और उन्हें नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। वहीं एयरपोर्ट पर रोजाना हंगामा भी हो रहा है।