पूर्व IAS अधिकारी वीणा घाणेकर सपाक्स पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनी

309

पूर्व IAS अधिकारी वीणा घाणेकर सपाक्स पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनी

भोपाल: पूर्व IAS अधिकारी श्रीमती वीणा घाणेकर सपाक्स पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पीएस परिहार प्रदेश अध्यक्ष बने निर्वाचित हुए।

सपाक्स पार्टी के स्थापना दिवस पर पार्टी का सामान्य सम्मेलन भोपाल में आयोजित हुआ। उक्त सम्मेलन में डॉ हीरालाल त्रिवेदी के स्थान पर डॉ वीणा घाणेकर को सपाक्स पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। अब त्रिवेदी राष्ट्रीय संयोजक होंगे तथा मध्य प्रदेश के अध्यक्ष के रूप में पीएस परिहार को चुना गया जो पूर्व में सपाक्स के प्रदेश संयोजक थे। सुरेश शुक्ला राष्ट्रीय महामंत्री संगठन एवं इंजीनियर देवेंद्र सिंह राष्ट्रीय महामंत्री समन्वय होंगे। इंजीनियर राधेश्याम पाटीदार प्रदेश के कार्यवाहक अध्यक्ष होंगे।

मुख्य चुनाव अधिकारी डी के मिश्रा सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने उक्त सभी को निर्वाचित घोषित किया।

सामान्य सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ त्रिवेदी ने कहा कि पार्टी एक देश एक झंडा एवं एक समान कानून के लिए संघर्षरत है। आज भाजपा समान सिविल कोर्ट की बात कर रही है। हम समान क्रिमिनल कानून की बात भी कर रहे हैं। भ्रष्टाचार रोकने की बात सभी करते हैं परंतु वास्तव में भ्रष्टाचार कोई खत्म नहीं करना चाहता। बिहार चुनाव में राजनीतिक दल और उनके नेता खुलेआम मतदाताओं को रिश्वत की पेशकश कर रहे हैं परंतु चुनाव आयोग कोई एक्शन नहीं ले रहा है। संविधान निर्माता के रूप में केवल डॉ बी आर अंबेडकर को प्रोजेक्ट कर रहे हैं जबकि डॉ बी एन राव ने संविधान कि प्रत्येक धारा को बनाया है तथा डॉ राजेंद्र प्रसाद ने उनका अनुमोदन किया है। इन दोनों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भुला दिया गया है। हमें सही संविधान निर्माताओं के नाम से जनता को परिचित कराना है।

इस अवसर पर नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ वीणा घाणेकर ने कहा कि वर्तमान राजनीति जातीय समीकरणों पर आधारित हो रही है जिससे भारतीय समाज में विघटन की स्थिति निर्मित हो रही है। भारतीय समाज में जो जातिगत समानता का भाव एवं भाईचारा था वह दिनों दिन कम होता जा रहा है। यह भारतीय समाज और राजनीति के लिए सबसे अधिक घातक समय हैं । इसी समय जातीय संगणना की भी घोषणा की गई है। इससे भारत की एकता अखंडता की भावना कमज़ोर होगी। यह स्थिति अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। सपाक्स पार्टी समानता पर आधारित पार्टी है। हम जाति आधारित धर्म आधारित राजनीति नहीं करते हैं। सभी भारतीय समान हैं और सभी भारतीयों पर समान क़ानून लागू होना चाहिए।

सम्मेलन को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश शुक्ला, प्रदेश संयोजक जीएस माथुर, प्रदेश महासचिव लखन शास्त्री एवं अन्य पदाधिकारीयों ने संबोधित किया। इस अवसर पर राघवेंद्र मिश्रा, पीके मिश्रा, प्रीति तिवारी, लग्नेश गुप्ता, आदि चौरसिया आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन लखन शास्त्री एवं दिनेश पस्तोर ने किया।