पुलिस गिरफ्त से भागा जालसाज, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

413

पुलिस गिरफ्त से भागा जालसाज, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

भोपाल। कोहेफिजा थाना क्षेत्र में कल सायबर क्राइम पुलिस की गिरफ्त से एक शातिर जालसाज हाथ से हथकड़ी खिसका कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

थाना पुलिस के मुताबिक क्राइम ब्रांच की सायबर सेल पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बुधवार को सभी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए थे। इसके बाद सायबर क्राइम के प्रधान आरक्षक जशवंत सिंह अपने दो अन्य साथी पुलिसकर्मचारियों के साथ सभी आरोपियों को सरकारी जीप से जेल दाखिल करने सेंट्रल जेल ले जा रहे थे।

शाम करीब सात बजे जब वह लालघाटी चौराहा पर पहुंचे, तभी रेड सिग्नल होने के कारण जीप रूक गई। इसी बीच जीप की पिछली सीट पर बैठा आरोपी अमनोल घोडके(22) हाथ से हथकड़ी खिसका कर जीप से कूदा और फरार हो गया। घटना के बाद प्रधान आरक्षक ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और कोहेफिजा थाना पहुंच कर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया। इसके साथ ही अन्य आरोपियों को जेल दाखिल कराा गया। पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।