From BJP to Congress : भाजपा के 4 बड़े नेता कल कांग्रेस में शामिल होंगे! 

उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके के दमदार नेता गुड्डू राजा भी कांग्रेस में आएंगे!   

797

From BJP to Congress : भाजपा के 4 बड़े नेता कल कांग्रेस में शामिल होंगे! 

Bhopal : भाजपा में भगदड़ का एक पड़ाव कल यानी शनिवार को आ रहा है। जानकारियां बताती है कि कोलारस से भाजपा विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, बदनावर के पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत और नर्मदापुरम के पूर्व विधायक गिरिजाशंकर भी शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा बीएसपी के कद्दावर नेता गुड्डू राजा बुंदेला भी इनके साथ कांग्रेस में शामिल होंगे। वे धार से कांग्रेस के पूर्व विधायक बालमुकुंद सिंह गौतम के बड़े दामाद हैं।

इनके साथ और कितने नेता भाजपा से कांग्रेस में आ रहे हैं इस बात का खुलासा कल ही होगा, जब ये नेता भाजपा का दुरंगा दुपट्टा उतारकर कांग्रेस का तिरंगा दुपट्टा पहनेंगे। हाल के दिनों में इस तरह की राजनीतिक उठापटक लगातार हो रही है। लेकिन, भाजपा से कांग्रेस में आने वालों की संख्या ज्यादा है। जो नेता कांग्रेस में आ रहे हैं, वे पूर्व में बड़े पदों पर या विधायक रहे हैं। जबकि, कांग्रेस छोड़कर जाने वालों में अभी तक कोई बड़ा नेता दिखाई नहीं दिया।

इसका क्या कारण है, इसका विस्तार से खुलासा करने की जरूरत इसलिए नहीं है। साफ़ है कि भाजपा में टिकट बंटवारे की नीति को लेकर भारी विरोध हो रहा है। पहली लिस्ट में जो 39 सीटों के उम्मीदवार घोषित किए गए उनमें से 14-15 सीटों के नामों को लेकर विरोध है। लेकिन, पार्टी ने अभी तक किसी भी सीट में फेरबदल करने का इशारा नहीं दिया। माना जा रहा है कि इन सीटों से उभरे विरोध को देखते हुए भाजपा ने दूसरी लिस्ट को संभाल लिया। उनकी फिर से पड़ताल होने की खबर है।

कल की राजनीतिक घटना से स्पष्ट होगा कि भाजपा में अंदर ही अंदर क्या पाक रहा है। क्योंकि, ये सिर्फ तीन नेता नहीं है, इनके पीछे उनके समर्थकों की एक बड़ी फौज है जो इनके साथ कांग्रेस में आएंगे। इस बारे में भाजपा के कुछ नेताओं से जब पूछा गया तो उनका कहना है की इन तीन नेताओं के जाने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। लेकिन, उनके पास इस सवाल का जवाब नहीं था कि लोग कांग्रेस से आए हैं उनसे भाजपा कितनी मजबूत हुई।

 

कौन है बसपा नेता गुड्डू राजा

उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके में बसपा के कद्दावर नेता रहे गुड्डू राजा ‘बुंदेला’ भी कल कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं। बुंदेलखंड की सियासत में अब कांग्रेस की ताकत मजबूत नजर आ रही है। इसकी वजह है बुंदेलखंड की सियासत में अलग पहचान रखने वाले ललितपुर के बुंदेला परिवार के गुड्डू राजा बुंदेला बसपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामने वाले हैं। वैसे तो गुड्डू राजा उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, लेकिन अब वे मध्यप्रदेश की राजनीति में एंट्री करने जा रहे हैं। उनकी राजनीतिक शुरुआत समाजवादी पार्टी से हुई थी, बाद में वे बहुजन समाज पार्टी में आ गए थे। वे खुद भी विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। पार्टी गुड्डू राजा को खुरई से चुनाव लड़ा सकती है।

वे इस चुनाव में बुंदेलखंड की कई सीटों पर कांग्रेस के लिए काफी कारगर साबित हो सकते हैं। गुड्डू राजा के पिता सुजान सिंह बुंदेला तीन बार कांग्रेस के सांसद रहे हैं और वे इंदिरा गांधी के काफी निकट रहे। गुड्डू राजा बुंदेला का पूरा परिवार ही राजनीतिक रसूख रखता है। उनके परिवार की बुंदेलखंड की राजनीति में अलग ही पहचान है। इसलिए माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश से लगी बुंदेलखंड की सभी सीटों पर कांग्रेस के लिए गुड्डू राजा बुंदेला खासे प्रभावी साबित हो सकते हैं।